Uncategorized

कल गंगरेल में होगा भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप, 52 प्रतिभागियों ने कराया पंजीयन, तैयारियां पूर्ण

नौकायान उत्सव को सफल बनाने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित जुटा सम्पूर्ण प्रशासनिक अमला

प्रथम पुरुस्कार 1 लाख सहित प्रदान किये जाएंगे अन्य आकर्षक पुरुस्कार

धमतरी. छत्तीसगढ़ में पहली बार गंगरेल बांध में भव्य स्तर पर गंगरेल नौकायान उत्सव के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह रोमांचक प्रतियोगिता कल रविवार को दोपहर 3 बजे से गंगरेल बांध में आयोजित होगी। आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और अब इसमें केवल 1 दिन शेष हैं। इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य जल पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा गंगरेल बांध को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच नौकायन का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। बता दे कि आज दोपहर 12 की स्थिति में प्रतियोगिता हेतु 52 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं जिसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त बोट सजावट एवं वेशभूषा प्रतियोगिता के लिए 11,000 रुपये का विशेष पुरस्कार भी रखा गया है, जिससे प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता प्रारूप-दौड़ की दूरी (जैसे 500 मीटर/1 किलोमीटर) निर्धारित होगी। प्रारंभ और समापन रेखा स्पष्ट रूप से चिन्हित होगी। फॉल्स स्टार्ट होने पर चेतावनी या अयोग्यता घोषित की जा सकती है। जो नाव सबसे पहले फिनिश लाइन पार करेगी, वहीं विजेता मानी जाएगी। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम और मान्य होगा।
खेल और रोमांच के साथ जिले के पर्यटन को बढ़ावा देना है उद्देश्य – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने जिले के युवाओं, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल और रोमांच का अवसर है, बल्कि धमतरी जिले की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रतिभागियों से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आग्रह किया।
गंगरेल डेम में 22 मार्च को नौकायन प्रतियोगिता, कलेक्टर ने तैयारियों का किया निरीक्षण

जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गंगरेल डेम में 22 मार्च को आयोजित होने वाली नौकायन प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रतियोगिता स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की सुविधा, पार्किंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा प्रतिभागियों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।कलेक्टर ने विशेष रूप से जल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लाइफ जैकेट, गोताखोरों की तैनाती, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। और आयोजन को बेहतर बनाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का भरोसा दिलाया। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!