मखाना खेती से स्थायी रोजगार मिलेगा और महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी -अरुण सार्वा
सांकरा बांध में मखाना खेती की शुरुआत, स्व सहायता समूहों को मिलेगा रोजगार

धमतरी। ग्राम पंचायत सांकरा के बांध में मखाना खेती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आज शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत स्व सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा मखाना के बीज डाले गए, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण सार्वा ने कहा कि सांकरा में मखाना खेती से आसपास के स्व सहायता समूहों को स्थायी रोजगार मिलेगा और महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि इस पहल से 17 स्व सहायता समूहों की लगभग 200 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जो आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ज्ञात हो कि मखाना खेती को बढ़ावा देने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा स्वयं के व्यय से तालाब निर्माण कराया गया तथा केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री को भी इस संबंध में अनुशंसा की गई थी। उनके धमतरी दौरे के दौरान मखाना से बनी पुष्पमाला पहनाकर इस पहल की जानकारी दी गई थी। योजना के अनुसार सांकरा बांध में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में मखाना खेती की जाएगी, जिसकी शुरुआत फिलहाल 25 से 30 एकड़ में की गई है। यह खेती क्षेत्र में पहली बार हो रही है, जिसे लेकर महिलाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं वन सभापति अजय ध्रुव, जनपद उपाध्यक्ष हृदय साहू, जनपद सदस्य राजेश नाथ गोसाई, प्रेमलता नागवंशी, सरपंच नागेंद्र बोरझा, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष गिरवर भंडारी सहित भाजपा नगरी मंडल महामंत्री सुलोचना साहू, जन्मजय साहू, सतीश साहू, जनक साहू एवं जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
