ईंधन पर कर राहत से आमजन को बड़ी राहत,भाजपा नेता हेमराज सोनी ने जताया आभार

धमतरी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों के बीच केंद्र सरकार द्वारा लिए गए फैसलों को आमजन के हित में महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। भाजपा बस्तर प्रभारी पिछड़ा मोर्चा हेमराज सोनी ने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के 140 करोड़ नागरिकों की चिंता करते हुए ईंधन संकट से राहत देने के लिए सराहनीय कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि भीषण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस पर अतिरिक्त करों में छूट देकर सरकार ने आम जनता की परेशानियों को कम करने का कार्य किया है। इससे न केवल आम लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि महंगाई के दबाव को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
हेमराज सोनी ने कहा कि मोदी सरकार का यह निर्णय जनहित में लिया गया एक दूरदर्शी कदम है, जो सरकार की संवेदनशीलता और आमजन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लगातार जनता की सुविधा और राहत के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे, जिससे देश की जनता को कठिन परिस्थितियों में राहत मिलती रहेगी।


