Uncategorized

सार्थक स्कूल में श्रद्धा और आत्मनिर्भरता के साथ मनाया गया रामनवमी पर्व

धमतरी के मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र सार्थक स्कूल में रामनवमी का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष बच्चों द्वारा अपने हाथों से प्रज्वलित किए गए नौ दीप पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे।
बच्चों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विधिवत पूजा-अर्चना की और एक-एक कर दीप प्रज्वलित किए। अपने हाथों से दीप जलाने की यह प्रक्रिया न केवल उनकी सहभागिता का प्रतीक बनी, बल्कि उनके स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते सशक्त कदम के रूप में भी उभरी। दीपों की मधुर ज्योति ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से आलोकित कर दिया।इस अवसर पर बच्चों एवं प्रशिक्षकों ने मिलकर श्रीराम मंदिर एवं भगवान राम के धनुष की सुंदर ड्रॉइंग, कलरिंग और रंगोली तैयार की। तालियों की गूंज के बीच भक्ति भाव से ओतप्रोत राम भजन प्रस्तुत कर बच्चों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
वरिष्ठ प्रशिक्षक मैथिली गोड़े ने बताया कि, ऐसे आयोजनों के माध्यम से विशेष बच्चों में न केवल सांस्कृतिक जुड़ाव विकसित होता है, बल्कि उनका आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशिक्षक देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक एवं सुनैना गोड़े का विशेष योगदान रहा.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!