Uncategorized

अकलाडोंगरी स्वास्थ्य केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने दिए त्वरित निर्देश

एंबुलेंस चालक की कमी दूर करने तत्काल कार्रवाई, स्थानीय युवा को अवसर

धमतरी-डुबान प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज विकासखंड धमतरी के ग्राम अकलाडोंगरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति तथा उपचार व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस चालक की अनुपलब्धता का मुद्दा सामने आने पर कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ग्राम के ही योग्य युवा श्री लक्ष्मी नारायण को तत्काल एंबुलेंस चालक के रूप में नियुक्त किया जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। इस त्वरित निर्णय से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार सुनिश्चित होगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डुबान प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।इसके साथ ही उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट के नियमित संचालन, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा गंभीर मरीजों के त्वरित रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल. कौशिक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री प्रिया कंवर, कार्यपालन अभियंता (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), उपसंचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!