मां विंध्यवासिनी की पूजा, विशाल मोटरसाइकिल रैली व चीयर लीडर्स के बेहतरीन नृत्य व संगीत से हुई एमपीएल सीजन 4 की शुरुआत
खेल प्रतिभाओं को तराश कर, समुचित अवसर के साथ आगे बढ़ाने रहेंगे सदैव तत्पर -:पं.राजेश शर्मा
पहले दिन दोनों मैच हुए रोमांचक

धमतरी। संरक्षक पंडित राजेश शर्मा के नेतृत्व में एमपीएल सीजन 4 की शुरुआत बहुत ही रोमांचक तरह से हुई। सर्वप्रथम संध्या 6 बजे माँ बिलाई माता मंदिर में सभी अतिथियों व सभी 16 टीम के खिलाडियों ने माता की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। फिर सभी अतिथियों व खिलाडियों ने बग्गी में विजेता व उपविजेता कप को रखकर डीजे की धुन में विशाल मोटरसाइकिल रैली खेल मार्च के रुप में निकाली। इस ऐतिहासिक रैली का जगह जगह पर स्वागत किया गया। सदर बाजार में पार्षद निलेश लुनिया पटाखों की लडियों से स्वागत किया। खेल प्रेमियों ने घडी चौक में भी पटाखे फोडकर रैली का स्वागत किया। फिर यह रैली शिवाजी चौक से होते हुए मिशन मैदान पहुंची। मिशन मैदान में जोरदार आतिशबाजी से रैली का स्वागत किया गया। देर रात तक चले इन मैचों में छक्कों की बारिश हुई और दर्शकों को हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिला। शुभारंभ अवसर पर अतिथि के रुप में पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा, प्रकाश शर्मा, दयाराम साहू,अमन राव, भाजयुमों जिलाध्यक्ष शुभांक मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि प्रतिभाएं किसी चीज की मोहताज नहीं होती आवश्यकता है उन्हें समुचित अवसर एवं उचित मंच प्रदान करने का जिसके लिए ईश्वर प्रदत्त सामथ्र्य के अनुसार सदैव तत्परता के साथ समर्पित भाव से सार्वजनिक सेवाभावी धरातल पर कार्य करते रहेंगे। वहीं उपस्थितजनों को राजेंद्र शर्मा एवं दयाराम साहू ने भी संबोधित किया। उक्त आयोजन मे प्रमुख रूप से प्रकाश शर्मा, देवेंद्र मिश्रा, विकास शर्मा , लक्की डागा, नीलेश लुनिया, अखिलेश सोनकर, पिन्टू यादव,कुलेश सोनी, कोमल सार्वा, ईश्वर सोनकर, खूबलाल ध्रुव,विनोद राव रणसिंह,परमेश्वर गोस्वामी, मुकेश शर्मा,सूरज शर्मा चंद्रकला पटेल, सरिता यादव,प्राची सोनी,गायत्री सोनी, गोमती रजक,नेहा भट्टर कार्यक्रम का आभार एवं संचालन योगेश रायचुरा तथा रघुवीर द्वारा किया गया।
अनिल पटेल ने मारे लगातार 6 बाल में 6 छक्के, छोटू व शुभम का बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन
पहला मैच श्री राम हॉस्पिटल बनाम एसपीएन स्टार के मध्य खेला गया। श्री राम हॉस्पिटल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट खोकर 147 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अनिल पटेल ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंदों में 77 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने लगातार 6 छक्के जड़कर मैदान में सनसनी मचा दी। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसपीएन स्टार ने शानदार शुरुआत की और मात्र 9.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। एसपीएन स्टार के छोटू साहू को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 29 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
एसपी चैंपियन व सुपर किंग को दी 10 रनो से मात
दूसरा मैच एसपी चैंपियन व सुपर किंग के मध्य खेला गया। एसपी चैंपियन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9.4 ओवरों में 114 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई और सुपर किंग के सामने 115 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपर किंग की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाए इस प्रकार एसपी चैंपियन ने यह मैच 10 रनों से अपने नाम कर लिया। इस जीत के हीरो शुभम इद्दनानी मैन ऑफ द मैच रहे। उन्होंने बल्लेबाजी में 33 रनों का योगदान दिया और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट झटके।