Uncategorized

संबलपुर चना खरीदी केंद्र में 50 किलो 580 ग्राम के स्थान पर प्रति बोरा 51 किलो चना जबरन लेने का आरोप, विधायक ने कहा किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं

धमतरी। ओंकार साहू ने संबलपुर स्थित चना खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक गंभीर अनियमितता सामने आई, जिसमें निर्धारित मानक 50 किलो प्रति बोरा के साथ 580 ग्राम अतिरिक्त के स्थान पर किसानों से प्रति बोरा 51 किलो चना देने के लिए मजबूर किया जा रहा था। यह स्थिति न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि किसानों के साथ सीधा अन्याय भी है।निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी शिकायतें विधायक के समक्ष रखीं। किसानों ने बताया कि खरीदी केंद्र में तौल प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस पर विधायक श्री साहू ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसानों के अधिकारों का हनन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ संचालित हो।उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की मेहनत और उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अंत में विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान केंद्र की प्रबंधक अर्पणा सिन्हा , अध्यक्ष सहित आसपास के किसान, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!