Uncategorized

रत्नाबांधा के बर्तन गोदाम में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार, लाखों का माल स्वाहा

सुबह 9 बजे भड़की चिंगारी ने लिया विकराल रूप, 2 किमी दूर से दिखा धुएं का मंजर, दमकल विभाग की टीमें मशक्कत में जुटीं


धमतरी। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम रत्नाबांधा में शनिवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बड़े बर्तन गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में गोदाम के भीतर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर खाक होने का अनुमान है। गनीमत रही कि घटना के वक्त गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9 बजे गोदाम की खिड़कियों और छत से काला धुआं निकलता देखा गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने भीतर रखे प्लास्टिक और धातु के बर्तनों के कारण विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का गुबार इतना घना और ऊंचा था कि यह धमतरी शहर और आसपास के इलाकों से करीब 2 किलोमीटर की दूरी से भी साफ दिखाई दे रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी गोदाम मालिक और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाडिय़ां आनन-फानन में मौके पर पहुंचीं। संकरी जगह और गोदाम के भीतर भरे स्टॉक की वजह से आग बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी रहीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाकर आसपास के रिहायशी इलाकों को सुरक्षित रखने की है। आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही पंचनामा कर वास्तविक नुकसान का सही आंकड़ा सामने आ पाएगा।
लाखों की क्षति का अनुमान
बताया जा रहा है कि इस गोदाम में नए स्टील के ड्रम, घरेलू उपयोग के बर्तन और अन्य सामानों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। आग की तीव्रता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि लाखों रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे बिजली के शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!