Uncategorized

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत पहल, भखारा में कार्यशाला आयोजित

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में नगर पंचायत की पहल, 16 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिकता- ज्योति हरख जैन

भखारा-नगर पंचायत के मंगल भवन में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विभिन्न व्यवसायों, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया एवं योजना के अंतर्गत मिलने वाले 35 प्रतिशत अनुदान की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिकता है। इस प्रकार की कार्यशालाएं न केवल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाती हैं, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। नगर पंचायत द्वारा आगे भी महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु ऐसे प्रयास निरंतर किए जाते रहेंगे, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।”
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरी पावरिया, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र धमतरी से प्रबंधक प्रचेता किरण, डीआरपी डॉ. संदीप मेश्राम, कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विभाग एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं महिला समूहों की गरिमामयी उपस्थिति रही।उल्लेखनीय है कि विगत अक्टूबर माह में नगर पंचायत द्वारा महिलाओं के लिए इस प्रकार के आयोजनों की प्रतिबद्धता जताते हुए विभाग को पत्राचार किया गया था, जिसके फलस्वरूप यह कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला के दौरान कुल 16 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए, जिससे उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक सकारात्मक और प्रभावी कदम साबित हो रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!