बंगाल में ऐतिहासिक जीत पर भाजपाइयों ने घड़ी चौक में मनाया जश्न, बांटी झालमुड़ी
जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा- विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को जनता ने स्वीकारा

धमतरी। पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत पर भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी द्वारा शहर के घड़ी चौक में उत्साहपूर्वक जश्न मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने आमजन को झालमुड़ी वितरित कर खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को स्वीकार करते हुए भाजपा को ऐतिहासिक समर्थन दिया है। यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि देश की सकारात्मक सोच और बदलाव की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य करता है। प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कहा कि यह विजय लोकतंत्र की शक्ति और जन-आकांक्षाओं की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास और विश्वास का वातावरण बना है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा की नीतियां गरीब, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित हैं। बंगाल की जनता ने विकास की राह को चुना है। पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और नेतृत्व की विश्वसनीयता का परिणाम है। भाजपा नेत्री बिथिका विश्वास ने कहा कि भाजपा ने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। अपेक्स बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि यह परिणाम देशभर में भाजपा के बढ़ते जनाधार को दर्शाता है। पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने कहा कि भाजपा की जीत विकास और सुशासन की जीत है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश शर्मा ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठन की एकजुटता का परिणाम है। भाजपा आने वाले समय में और भी मजबूती के साथ जनता की सेवा करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान घड़ी चौक में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू द्वारा दी गई।


