निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लुनिया के निर्देश पर शहरभर में नालियों और नालों की हो रही विशेष सफाई
स्वच्छ शहर केवल निगम प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है-आयुक्त प्रिया गोयल

घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा गंदगी फैलाने वालों की जानकारी निगम प्रशासन को दें-निलेश लुनिया
निगम की टीम लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय है तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है-शशांक मिश्रा
धमतरी- नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आयुक्त प्रिया गोयल एवं स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लूनिया के निर्देशानुसार निगम की सफाई टीम प्रतिदिन शहर के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर नालियों, नालों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में जुटी हुई है। निगम प्रशासन द्वारा मानसून पूर्व सफाई व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देते हुए जलभराव एवं गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।इसी क्रम में आज सोरिद नाला, अंबेडकर वार्ड की नालियों तथा खंडेलवाल एक्सरे स्थित नाले की विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यापक सफाई कार्य किया गया। सफाई कर्मचारियों द्वारा नालों में जमा गाद,प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को हटाकर पानी की निकासी को सुचारू बनाया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की नियमित सफाई का कार्य निरंतर जारी रहेगा ताकि बरसात के दौरान जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल निगम प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों, नालियों एवं सड़कों पर कचरा न फेंके तथा स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश लूनिया ने कहा कि नगर निगम स्वच्छता को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा गंदगी फैलाने वालों की जानकारी निगम प्रशासन को दें।प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि निगम की टीम लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय है तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार विशेष सफाई अभियान जारी रहेगा ताकि धमतरी शहर स्वच्छता के क्षेत्र में एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
