भीषण गर्मी ने पर्यटक स्थलों की घटाई रौनक
जिले के सभी पर्यटक स्थलों में घटी पर्यटकों की संख्या, पर्यटकों का है टोटा, दोपहर में छाई रहती है वीरानी
जिले के गंगरेल, माडमसिल्ली, सोंढुर, दुधावा, श्रंृगि ऋषि पर्वत, नरहरा आदि है पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र


धमतरी। धमतरी जिले में कई पर्यटन स्थल है जहां साल भर पर्यटकों का जमघट लगा रहता है लेकिन साल भर के दो तीन महीने ऐसे होते है जहां पर्यटकों से गुलजार रहने वाले पर्यटक स्थल भी पर्यटकों की कमी से जूझते रहते है। यह समय होता है भीषण गर्मी का जब लोग घूमना फिरना तो दूर घरो से बाहर निकलने से भी सोचते है। वर्तमान में ऐसा ही मौसम है भीषण गर्मी पड़ रही है। इसलिए लोग घूमना फिरना नहीं के बराबर कर रहे है। नतीजन पर्यटन स्थलों में भीड़ काफी कम हो गई है। दोपहर में तो कुछ पर्यटन स्थलो में वीरानी छाई रहती है।
ज्ञात हो कि जिले में कई आकर्षक प्राकृतिक स्थल है जिनमें गंगरेल बांध, माडमसिल्ली, सोंढुर, दुधावा, ऋंगिऋषि पर्वत, आश्रम, नरहरा आदि प्रमुख है। यहां पर्यटकों की भीड़ उमड़ती है। लेकिन इन दिनों यहां गर्मी का प्रकोप नजर आ रहा है। गंगरेल में तो शुक्रवार और रविवार को बकरे की बलि की प्रथा के चलते लोगों की भीड़ उमड़ती है, लेकिन शेष दिनों में भीड़ काफी कम रह जाती है। वहीं माडमसिल्ली बांध वैसे तो अपनी अलग ही सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यह एशिया का एक मात्र सायफन सिस्टम वाला बांध है। बांध में दिल व नजर को सुकुन देने वाले नजारे है, लेकिन गर्मी के मौसम में यहां गिनती के ही पर्यटक पहुंचते है। इसी प्रकार सोंढुर दुधावा बांध में भी आकर्षक नजारे है। रास्ते सुहाने है। मनमोहक दृश्य है। यहां प्रकृति से जुड़ाव के साथ ही मन में शांति का अनुभव होता है, लेकिन जिला मुख्यालय से ज्यादा दूरी, सुविधाओं की कमी और वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण यहां भी पर्यटकों का टोटा है। श्रृंगिऋषि पहाड़ और नरहरा में भी पर्यटकों काफी कम है।
मानसून में फिर होगा पर्यटकों से गुलजार
भीषण गर्मी के चौमासे के बाद मानसून का सीजन आयेगा। इस मौसम में तापमान अनुकूल होता है लोग सुहावने मौसम में घूमना फिरना काफी पसंद करते है। बारिश के सीजन में चारों ओर हरियाली होगी ठंडी हवाये, नदी बांधो, झरनो में जल स्तर बढ़ेगा इससे इनकी प्राकृतिक सौंद्रर्यता और बढ़ेगी। यही कारण है बारिश के मौसम के शुरुवात के साथ ही जिले के पर्यटन स्थलो में घटी रौनक फिर से बढऩे लगेगी।
