Uncategorized

जिले में पानी का सदुपयोग कर उसे बचाने कलेक्टर की अगुवाई में मनाया जा रहा जल जगार उत्सव

आने वाले दिनों में पानी खरीदना ना पड़े, इसके लिए सभी सजग रहें -कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी

अभी सम्हल जाओ नही ंतो पानी के लिए पड़ेगा पछताना-वाटर हीरो जलप्रहरी

वनांचल नगरी के मोहलाई और छुही में आयोजित हुआ जल जगार उत्सव

धमतरी/ जिले में पानी का सदुपयोग कर उसे आने वाले समय के लिए संरक्षित करने के उद्देश्य से कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी की अगुवाई में जल जगार उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज वनांचल नगरी के ग्राम मोहलाई और छुही में जल जगार उत्सव के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्राम मोहलाई में आयोजित जल जगार उत्सव में शिरकत करते हुए कलेक्टर सुश्री गांधी ने कहा कि पानी को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी पानी का सदुपयोग करें। साथ ही अपने आसपास हो रहे पानी के दुरूपयोग रोकने लोगों को समझाईश दें। कलेक्टर ने कहा कि आने वाले दिनों में पानी खरीदना ना पडे, इसके लिए अभी से सजग रहें और पहले की तरह जिले के जलाशयों में जलस्तर बढ़ाने के लिए अपना पूरा-पूरा योगदान दें।
जल प्रहरी श्री नीरज वानखेड़े ने कहा कि पानी की उपयोगिता को सभी समझें, नही ंतो आने वाले दिनों में पछताना पड़ेगा। उन्होंने इस मौके पर रूफटॉप स्ट्रक्चर, वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और वेस्ट वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने की विधि बताई। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा जल संरक्षण के संबंध में नृत्य और नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं गांव में जल संरक्षण संबंधी 50 नारा लेखन, गांव के 5 तालाबों की सफाई, वृक्षारोपण के लिए 80 गड्ढों को खोदने और 5 संरचना निर्माण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही ग्रामीणों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें लगभग ढाई सौ से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। मोहलाई में आयोजित कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री पवन कुमार प्रेमी, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी जल जगार सुश्री प्रीति दुर्गम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी श्री विमल कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर गांव में जल संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे जल प्रहरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वालों को टोपी, मग और टीशर्ट प्रदाय कर सम्मानित किया गया।
ग्राम छुही में आयोजित जल जगार उत्सव में भी जल संरक्षण से संबंधित नारा लेखन, तालाब की सफाई, वृक्षारोपण के लिए की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही प्राथमिक शाला में रूफटाप स्ट्रक्चर, बाजार चौक स्थित आंगनबाड़ी में सोख्ता गड्ढा, स्कूल भवन के पास स्थित हैण्डपम्प के पास सोख्ता गड्ढा, पंचायत भवन में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तथा पंचायत भवन के पास स्थित शौचालय के पास सोख्ता गड्ढा बनाने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। छुही में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम श्री पवन कुमार प्रेमी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!