Uncategorized

12 दिन बाद भी पूरी तरह नहीं बुझ पाई ट्रेचिंग ग्राउंड की सुलगती आग, बढ़ी परेशानी, धुएं से प्रभावित हो रहा जनजीवन

धमतरी। शहर के सोरिद वार्ड स्थित बागतराई रोड के ट्रेचिंग ग्राउंड में लगी आग 24 मई से लगी आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई है। कचरे के विशाल ढेर के भीतर अब भी आग सुलग रही है, जिससे लगातार जहरीला धुआं निकल रहा है। धुएं का असर आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहा है और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन-रात उठने वाले धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और घुटन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेचिंग ग्राउंड में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पालीथिन, गीले-सूखे कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का ढेर जमा है। अंदर ही अंदर सुलगती आग के कारण धुआं लगातार फैल रहा है। हवा चलने पर इसका प्रभाव दो किलोमीटर तक महसूस किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और रात के समय स्थिति सबसे अधिक खराब हो जाती है।
आग पर काबू के दावे, लेकिन खत्म नहीं हुआ खतरा
जानकारी के अनुसार 24-25 मई को ट्रेचिंग ग्राउंड में आगजनी की घटना हुई थी। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। आग की ऊंची लपटें देखकर लोगों ने तत्काल नगर निगम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया था। हालांकि आग की बाहरी लपटें शांत हो गईं, लेकिन कचरे के भीतर अब भी आग सुलग रही है। निगम प्रशासन का कहना है कि आग को बुझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन अंदर जमा कचरे में धधक रही आग पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने दोबारा अभियान चलाकर आग बुझाने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सूखे कचरे के कारण फिर से बड़ा हादसा हो सकता है। ट्रेचिंग ग्राउंड में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन संसाधनों की कमी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
वार्डवासियों ने बताई परेशानी, स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर
सोरिद वार्ड के निवासियों ने ट्रेचिंग ग्राउंड से निकल रहे धुएं को लेकर नाराजगी जताई है। वार्ड निवासी सोमन यदु ने बताया कि कूलर या पंखा चलाते ही धुआं तेजी से घरों के भीतर पहुंच जाता है। परिवार के लोगों को दिन-रात परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है। बलराम रजक विपिन पांडे राकेश सालोमन सोनू साहू देवेश सोनी ने कहा कि लगातार उठ रहे धुएं से लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में अधिक परेशानी हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि आग पूरी तरह नहीं बुझी तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। नरेंद्र गजेंद्र ने बताया कि सुबह और देर रात धुएं का असर सबसे ज्यादा महसूस होता है। कई लोगों को आंखों में जलन और सिरदर्द की शिकायत हो रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!