Uncategorized

नालियों के करीब से होकर गुजरी है कई पाईप लाईन, बरसात में दूषित जल से रहेगा बीमारियों का खतरा

पूर्व में दूषित पानी से कई वार्डो में फैल चुका है डायरिया, कई लोगों की जा चुकी है जान

निगम द्वारा पहले कई स्थानों पर पाईप लाईन को किया गया है दुरुस्त, शेष कार्यो के लिए शासन को भेजा गया है प्रस्ताव

धमतरी । मौसम विभाग द्वारा अनुमान लगाया जा रहा है कि लगभग 15 से 20 जून के बीच छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय हो जायेगा। इसके बाद बारिश के चौमासे में दूषित पेयजल का खतरा बना रहेगा। इसलिए कई लोग जिनके घरो तक पाईप लाईन नालियों के बिल्कुल ऊपर या करीब से गुजरे है वे डेंजर जोन में आ जायेंगे।
ज्ञात हो कि शहर में पूर्व में लिकेज के कारण कई घरो तक दूषित पानी पहुंचने की घटना हो चुकी है। कई बार यह घटना जानलेवा भी साबित हुई है। कुछ वर्ष पूर्व बांसपारा वार्ड में दूषित जल के कारण डायरिया का प्रकोप फैला था, जिसमें वार्ड के कई लोगों की मौत हो गई थी। उक्त घटना से नगर निगम सबक लेकर बारिश के पूर्व ही पाईप लाईन लिकेज पर विशेष ध्यान दे रही है। साथ ही नालियों के करीब वाले पाईप लाईन को ठीक करने हेतु टेंडर निकाला गया था। जिसके तहत काम हुआ लेकिन बीच में ठेकेदार द्वारा काम छोड़ देने के कारण काम पूरा नहीं हो पाया है। अब नगर निगम जल विभाग नये व व्यापक स्तर पर नालियों के करीब वाले पाईप लाईन को ठीक करने के लिए शासन को लगभग 50 लाख रुपये का प्रपोजल भेजा है। स्वीकृति के बाद तत्काल टेंडर कर पाईप लाईनो को नालियों से दूर किया जायेगा।
लोग भी है लापरवाह
कई स्थानों पर लोगों द्वारा भी लापरवाही बरती जा रही है। पाईप लाईन नालियों से थोड़ा दूर या ऊंचा होने के बाद भी घरों के भीतर तक पानी पहुंचाने वाले जो पाईप लाईन लगवाये है वह नालियों से बिल्कुल सटा कर लगाये गये है। हालांकि इन्हें थोड़ा दूर या ऊंचा भी किया जा सकता था। लोगों की यह लापरवाही बारिश के मौसम बीमारियों का कारण बन सकती है। क्योंकि बारिश में नालियों ओव्हर फ्लो हो जाती है। कई स्थानों पर जल भराव हो जाता है। ऐसे में सडऩ या ज्वाइंट आदि के कारण कंही भी हल्की सी लिकेज हो तो यह दूषित पानी का कारण बन सकता है।
शहर में है 20 हजार से अधिक नल कनेक्शन
बता दे कि शहर के सभी 40 वार्डो में लगभग 20 हजार से अधिक नल कनेक्शन है। जिनमें लोग पाईप लाईन पर ही डिपेंड रहते है और स्थिति यह है कि सभी 40 वार्ड ऐसे है जहां नालियों के समीप पाईप लाईन गुजरी है। ऐसे में कहा जा सकता है। प्रत्येक वार्ड में जरा सी लिकेज या लापरवाही भारी पड़ सकती है।
50 लाख का नया प्रपोजल – अखिलेश सोनकर
चर्चा के दौरान निगम जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि पूर्व में ठेकेदार को पाईप लाईन नालियों से दूर करने का कार्य दिया गया था। लेकिन दर ज्यादा था। जिसे घटाने पर ठेकेदार द्वारा काम छोड़ दिया गया। जिसके पश्चात नया प्रस्ताव 50 लाख रुपय का बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति जल्द मिल जायेगी। स्वीकृति पश्चात टेंडर कराकर नये सिरे से कार्य कराया जायेगा और यदि कंही पाईप लाईन में रिसाव आदि का खतरा ज्यादा है तो निगम जल विभाग को सूचना दे विभाग इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करायेंगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!