एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी प्रशिक्षण से खिलाड़ियों में निखरी प्रतिभा, अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने प्रतिभागियों को प्रदान किए प्रमाण पत्र
30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन

भखारा। जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग धमतरी के तत्वावधान में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर 9 मई से 8 जून तक अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम, भखारा में संचालित किया गया। शिविर में एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के सफल संचालन में सेजेस भखारा एवं फ्रीडम फिजिकल ट्रेनिंग अकादमी भखारा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान खिलाड़ियों को खेलों की मूलभूत तकनीकों, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, खेल भावना तथा प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी के संबंध में विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ प्रशिक्षण
शिविर में खेल प्रशिक्षक एवं सहयोगी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया गया। एथलेटिक्स और तीरंदाजी की तकनीकी बारीकियों के साथ-साथ फिटनेस, स्टैमिना, एकाग्रता एवं मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिदिन आयोजित अभ्यास सत्रों से खिलाड़ियों की खेल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
शिविर के समापन अवसर पर नगर पंचायत भखारा-भठेली की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।अपने संबोधन में श्रीमती जैन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और अनुशासन का भी आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
शिविर के दौरान खिलाड़ियों में खेलों के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास हुआ। आयोजकों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 30 दिवसीय इस ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन एवं समापन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों तथा सहयोगी संस्थाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक मनोज कुमार साहू एवं सहयोगी समीर कुमार गौर सहित बच्चे प्रतिभागी उपस्थित थे।


