Uncategorized

जन संवाद से मजबूत हो रहा जनता और प्रशासन का संबंध : अध्यक्ष ज्योति हरख जैन

भखारा भठेली में आम नागरिकों से मिलकर निरंतर चर्चा

भखारा-भठेली।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन द्वारा जन संवाद अभियान के माध्यम से लगातार आम नागरिकों से संपर्क कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को प्राथमिकता के साथ सुना जा रहा है। इसी क्रम में मकर भठेली क्षेत्र में आयोजित जन संवाद के दौरान अध्यक्ष श्रीमती जैन ने स्थानीय नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव एवं मांगें रखीं। अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भ्रमण और मुलाक़ात का वातावरण अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक रहा, जहां नागरिकों ने खुलकर अपनी बात रखी और विकास संबंधी सुझाव साझा किए। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती जैन ने कहा कि जनता की सहभागिता से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है तथा जन संवाद का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना और उनका समाधान करना है।

*जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की अपील*

कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने नागरिकों से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पानी की बचत करनी चाहिए तथा वर्षा जल संरक्षण के उपाय अपनाने चाहिए।

उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित नगर का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाए।

*जनभागीदारी से होगा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास*

अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने कहा कि नगर के विकास और जनकल्याण के लिए जन संवाद अभियान निरंतर जारी रहेगा। नागरिकों के सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद का माध्यम बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!