इंडोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु निगम कर रही प्रयास
सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मल्टी परपस स्पोट्र्स काम्पलेक्स व अन्य विकास कार्यो के लिए निगम बजट में किया गया है 22.70 करोड़ का प्रावधान
469.88 लाख की शासन से मिल चुकी है स्वीकृति, जल्द निविदा के बाद शुरु होगा कार्य

धमतरी. शहर में खेल सुविधाओं की कमी सालों से है अब कमी और खिलाडिय़ों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए महापौर रामू रोहरा अपनी टीम के साथ लगातार शहर में खेल सुविधाओं की बेहतरी के लिए कार्य कर रहे है। जिसमें उन्हें सफलता भी मिल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार निगम बजट 2026-2027 में बाबु पंडरीराव कृदत्त इंडोर स्टेडियम मैदान में सिंथेटिक रनिंग टैक निर्माण, मल्टी परपस स्पोट्र्स काम्पलेक्स निर्माण एवं अन्य विकास कार्यो के साथ सर्व सुविधायुक्त खेल मैदान निर्माण कार्य हेतु शासन से स्वीकृत राशि सहित 22.70 करोड़ का प्रावधान किया गया है। प्रथम चरण में 4 करोड़ 69 लाख 88 हजार की स्वीकृति मिल चुकी है। जिसके तहत मल्टी परपस स्पोट्र्स काम्पलेक्स निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कराकर जल्द ही कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा उक्त कार्यो के लिए शासन को प्रस्ताव पूर्व में प्रेषित किया जा चुका है।
बता दे कि आमातालाब रोड इंडोर स्टेडियम में हजारों युवा भविष्य गढऩे फोर्सेस में सलेक्शन की तैयारी और फिटनेश बनाये रखने पहुंचते है, लेकिन यहां पर्याप्त सुुविधायें नहीं मिल पाने से युवाओं को परेशानी होती है। इस समस्या को संज्ञान में लेकर शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु महापौर रामू रोहरा गंभीरता पूर्वक प्रयास कर रहे है।
सालों से निगम बजट में स्वीमिंग पुल के लिए राशि का प्रावधान लेकिन नहीं मिल पाई स्वीकृति
बता दे कि धमतरी को जिला बने 28 साल होने को है। इतने वर्षो के बाद भी खेल सुविधाएं काफी कम है। यहां युवा सालों से स्वीमिंग पुल की मांग कर रहे है। स्वीमिंग जैसे खेल जो कि ओलम्पिक में भी शामिल है। सभी देश के खिलाड़ी स्वीमिंग में प्रतिनिधित्व करते है, लेकिन धमतरी जिला आज तक स्वीमिंग खेल से अछूता रहा है। ऐसा नहीं है कि यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी है। शहर व ग्रामीण इलाके के कई बच्चों में तैराकी को लेकर विशेष रुचि है। बच्चे खेल-खेल में नहर तालाब को तैरकर पास कर लेते है। उनमें पर्याप्त क्षमता है। बस आवश्यकता है तो उन्हे सही सुविधा और मार्गदर्शन की। ऐसे में महापौर रामू रोहरा द्वारा भी प्रस्तुत निगम बजट में दानीटोला ट्रेचिंग ग्राउंड (पूर्व) परिसर में स्वीमिंग पुल निर्माण कार्य हेतु 03 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार करवा शासन को प्रेषित किया है। अब स्वीकृति का इंतजार है।

