Uncategorized

ट्रेचिंग ग्राउंड की सुलगती आग से बढ़ी परेशानी, धुएं से प्रभावित हो रहा जनजीवन

24 मई से लगी आग आज 23 दिन बाद भी नहीं बुझी, धुआं बना मुसीबत


धमतरी। शहर के सोरिद वार्ड स्थित बागतराई रोड के ट्रेचिंग ग्राउंड में 24 मई से लगी आग 23 दिन के बाद भी पूरी तरह नहीं बुझ पाई है। कचरे के विशाल ढेर के भीतर अब भी आग सुलग रही है, जिससे लगातार जहरीला धुआं निकल रहा है। धुआं का असर आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहा है और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन-रात उठने वाले धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और घुटन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेचिंग ग्राउंड में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पालीथिन, गीले-सूखे कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का ढेर जमा है। अंदर ही अंदर सुलगती आग के कारण धुआं लगातार फैल रहा है। हवा चलने पर इसका प्रभाव दो किलोमीटर तक महसूस किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और रात के समय स्थिति सबसे अधिक खराब हो जाती है। जानकारी के अनुसार 24-25 मई को ट्रेचिंग ग्राउंड में आगजनी की घटना हुई थी। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। आग की ऊंची लपटें देखकर लोगों ने तत्काल नगर निगम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया था। हालांकि आग की बाहरी लपटें शांत हो गईं, लेकिन कचरे के भीतर अब भी आग सुलग रही है। निगम प्रशासन का कहना है कि आग को बुझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन अंदर जमा कचरे में धधक रही आग पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है। ट्रेचिंग ग्राउंड में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन संसाधनों की कमी भी चिंता का विषय बनी हुई है। सोरिद वार्ड के निवासियों ने ट्रेचिंग ग्राउंड से निकल रहे धुएं को लेकर नाराजगी जताई है। वार्ड निवासी सुनील जानसन सुरेंद्र सिन्हा, विकास सोनवानी, स्वप्निल सोनवानी, अवधेश ठाकुर, किशुन रजक, टोकेश देवांगन, देव कुमार, देवेश सोनी, सागर सोनी, मिथलेश सिन्हा, राजू खान बलराम रजक, शेष नारायण सिन्हा, विपिन पांडे, सुमन पांडे सहित अन्य ने बताया कि कूलर या पंखा चलाते ही धुआं तेजी से घरों के भीतर पहुंच जाता है। परिवार के लोगों को दिन-रात परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम प्रशासन तत्काल स्थायी समाधान करे।
सांस लेने में हो रही परेशानी, आंखों में जलन और सिरदर्द की भी शिकायत
लगातार उठ रहे धुएं से लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में अधिक परेशानी हो रही है। कालोनी के रहवासी अमित बागमारिया, राकेश ग्वाल, नरेंद्र गजेंद्र ने बताया कि सुबह और देर रात धुएं का असर सबसे ज्यादा महसूस होता है। कई लोगों को आंखों में जलन और सिरदर्द की शिकायत हो रही है।
निगम को वार्डवासियों की समस्या से नहीं है कोई सरोकार, कलेक्टर जनदर्शन में सौंपेगें ज्ञापन – विशु देवांगन

निगम के उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने कहा कि पूर्व में ट्रेचिंग ग्राउंड के सामने वार्डवासियों के संग धरना देकर आग को पूरी तरह बुझाने की मांग की गई थी, लेकिन निगम द्वारा इस पर अब तक कोई ठेस कार्रवाई नहीं की गई। निगम को वार्डवासियों की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। अब वार्डवासियों के साथ कलेक्टर जनदर्शन में जाकर आग को पूरी तरह बुझाने की मांग की जाएगी। वार्डवासी लगातार कचरे के ढेर से उठते घातक धुएं से परेशान है उनकी सेहत बिगड़ रही है। लेकिन निगम प्रशासन की कुम्भकरणीय नींद टूट नही रही। यदि कलेक्टर से मांग के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझाया गया तो वार्डवासी आंदोलन को मजबूर होंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!