स्वास्थ्य विभाग सभापति नीलेश लूनिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई निगम के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की बैठक
नागरिकों को वर्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी तत्परता के साथ कर रही है कार्य - लुनिया

नगर निगम धमतरी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की महत्वपूर्ण बैठक स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव की समस्या एवं नालियों की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में शहर के प्रमुख जलभराव प्रभावित क्षेत्रों स्टेशनपारा, देवश्री टॉकीज रोड, शिव चौक, बठेनापारा, बेला बाजार, रामपुर डबरी, नवागांव एफसीआई चौक, कोलकाता फोटो स्टूडियो के पास, सोरिद भर्रीपारा, टिकरापारा खपरी तालाब, विंध्य विहार कॉलोनी, गोकुलपुर स्कूल, बॉसपारा आस्था नगर एवं सदर उत्तर पटेलपारा को चिन्हांकित कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी मार्गों से अवरोध हटाने तथा जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमों को तैनात कर संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी स्वच्छता दीदियों एवं संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उनके कार्यक्षेत्र के प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी घर को कचरा संग्रहण से वंचित न रखा जाए तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का सुचारू संचालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्वच्छता दीदियां निर्धारित समय पर अपने वार्डों में पहुंचकर शत-प्रतिशत घरों से कचरा संग्रहण करें तथा नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग देने के लिए भी जागरूक करें।स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने कहा कि नागरिकों को वर्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। बैठक में प्रमुख रूप से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कमलेश ठाकुर,शाशक मिश्रा, हेमंत बंजारे,कुलेश सोनी,मेघराज ठाकूर, गजेन्द्र कवर,आशा लोधी,कुशल लोढ़ा उपस्थित थे। समिति के सदस्यों ने आमजन से भी अपील की कि नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें तथा स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त धमतरी के निर्माण में सहयोग करें।