Uncategorized

हरफतराई-बलियारा सड़क चौड़ीकरण को जल्द मिलेगी स्वीकृति, 2.5 करोड़ का प्रावधान : महापौर रामू रोहरा

कहा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है

हरफतराई-बलियारा सड़क चौड़ीकरण को जल्द मिलेगी स्वीकृति, 2.5 करोड़ का प्रावधान : महापौर रामू रोहरा

कहा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है

धमतरी- नगर निगम क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा है कि हरफतराई से बलियारा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 2.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
महापौर ने कहा कि हरफतराई से बलियारा मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों का आवागमन होता है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर सुबह और शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ जाने से जाम जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है। सड़क चौड़ीकरण के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इस सड़क के विस्तार की मांग कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार उठाई जा रही मांग को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता में शामिल किया गया है। सड़क चौड़ीकरण से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी बल्कि आपातकालीन सेवाओं, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों तथा किसानों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सड़क विकास किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार होता है। बेहतर सड़कें व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करती हैं।हरफततराई -बलियारा मार्ग के चौड़ीकरण से आसपास के गांवों का शहर से संपर्क और अधिक मजबूत होगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धमतरी शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में भी सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को लगातार स्वीकृत कराया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित विभागों से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक हो सकेगा। उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग करने और शहर को बेहतर बनाने के अभियान में सहभागी बनने की अपील भी की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!