Uncategorized

आकाशीय बिजली से भेड़-बकरी की मृत्यु की घटना पर पशुधन विभाग की त्वरित कार्रवाई

धमतरी- विकासखंड मगरलोड के ग्राम डुमरपाली में विगत 17 जून रात्रि में आकाशीय बिजली गिरने से भेड़-बकरी की मृत्यु की सूचना प्राप्त होते ही पशुधन विकास विभाग की टीम द्वारा तत्काल मौके का निरीक्षण किया गया। विभागीय अमले ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर घटना की जानकारी प्राप्त की।
जांच के दौरान ग्राम पंचायत डुमरपाली एवं ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि आकाशीय बिजली गिरने से लगभग 40 भेड़-बकरियों की मृत्यु हुई थी। उक्त पशु अन्य राज्यों से आए घुमंतू चरवाहों के थे। घटना के बाद संबंधित चरवाहों द्वारा मृत पशुओं को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया तथा वे वहां से अन्यत्र चले गए।
पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने दफनाए गए स्थल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्तमान में वहां किसी प्रकार के संक्रमण अथवा पशुजनित बीमारी फैलने की स्थिति नहीं है। विभाग द्वारा आवश्यक सावधानियों के साथ स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
पशुधन विकास विभाग ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुई इस घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों का संकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर सतर्क है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!