Uncategorized

स्पेशल ओलंपिक भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में चयनित सत्यांशु दीप का सार्थक स्कूल में भव्य अभिनंदन


धमतरी। सार्थक विशेष विद्यालय के प्रतिभाशाली विशेष छात्र सत्यांशु दीप के भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में अंतिम चयन तथा स्वीडन में आयोजित एसकेएफ गोथिया कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के अवसर पर भव्य अभिनंदन एवं शुभकामना समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ सार्थक संस्था के संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल द्वारा सत्यांशु को तिलक लगाकर स्वीडन विजय यात्रा का सैश पहनाने तथा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। संस्था की सचिव स्नेहा राठौड़ ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए भारत का गौरव बढ़ाने का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सत्यांशु दीप ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर स्पेशल ओलंपिक भारतझ्रछत्तीसगढ़ के माध्यम से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। गांधीनगर, ग्वालियर एवं पांडिचेरी में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं चयन शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका स्पेशल ओलंपिक भारत की भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में अंतिम चयन हुआ। सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि सत्यांशु की सफलता विशेष बच्चों की असीम क्षमताओं, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने स्पेशल ओलंपिक भारत-छत्तीसगढ़ के स्टेट डायरेक्टर प्रमोद तिवारी के सतत मार्गदर्शन तथा स्पोट्र्स एक्सपर्ट रवि जैन के तकनीकी सहयोग की विशेष सराहना की। विद्यालयीन खेल प्रशिक्षकों सुश्री देविका दीवान एवं काजल रजक की विशेष सराहना की। स्पेशल कोच श्री विशाल तथा नागेश कुमार एवं सुश्री चंचला पटेल के प्रति भी विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षक सुश्री देविका दीवान एवं काजल रजक ने कहा कि सत्यांशु ने कठिन अभ्यास, अनुशासन, सीखने की ललक और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि अर्जित की है। सार्थक स्कूल की वरिष्ठ प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, कंप्यूटर प्रशिक्षक कौशल्या यादव, सुधा पुरी गोस्वामी,मुकेश चौधरी स्वीटी सोनी,गीतांजलि गुप्ता,एवं आया बाई सुनैना गोड़े ने भी सत्यांशु को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सत्यांशु दीप को स्वीडन यात्रा एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ट्रॉली बैग, टी-शर्ट, लोअर, सॉक्स, ग्लव्स सहित अन्य आवश्यक एवं उपयोगी सामग्री भेंट की गई। इन उपहारों एवं आवश्यक सामग्री की व्यवस्था में श्रीमती रसीला बिपिनभाई दोशी, सार्थक संस्था के संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल, डॉ. ए.के. रावत, सार्थक संस्था की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती प्रभा रावत, पूर्व विधायक हर्षद भाई मेहता,समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडे, समाजसेवी आकाश कटारिया, शिवा प्रधान तथा सुधा अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!