हत्या के मामले का चंद घंटे के भीतर खुलासा,8 आरोपी गिरफ्तार,2 नाबालिग भी शामिल
थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में साथी युवक की हत्या,वारदात में प्रयुक्त सामाग्री बरामद

एएसपी शैलेन्द्र पाण्डेय, कुरुद एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने प्रेस वार्ता लेकर किया मामले का खुलासा
एएसपी शैलेन्द्र पाण्डेय, कुरुद एसडीओपी रागिनी मिश्रा ने प्रेस वार्ता लेकर हत्या के मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में घटित हत्या की गंभीर एवं सनसनीखेज घटना को पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता में लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कुरूद के पर्यवेक्षण में थाना कुरूद एवं साइबर थाना धमतरी की संयुक्त विशेष टीम गठित कर तत्काल वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तत्काल जांच एवं आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई।
घटना 29 जून 2026 को डाही बगदेही मार्ग के बीच शीतला मंदिर के आगे,मोबाइल टावर के पास रात्रि शराब सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद से प्रारंभ हुई।
मृतक हुलास मंडावी पिता दीनाराम मंडावी,उम्र लगभग 32 वर्ष निवासी ग्राम डाही एवं आरोपीगण रोशन ध्रुव,मुकेश यादव,अमन नेताम, रविशंकर पटेल,चंद्रशेखर पटेल एवं सागर मरकाम सभी निवासी ग्राम डाही, के बीच कहासुनी और गाली- गलौज होने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी रोशन ध्रुव एवं मुकेश यादव ने आवेश में आकर सड़क किनारे रखे लकड़ी के मोटे लट्ठे से मृतक के सिर पर लगातार प्राणघातक वार किए। इसके पश्चात एक अन्य आरोपी ने पास में पड़े बोल्डर पत्थर से मृतक के चेहरे एवं सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के समय अन्य आरोपी भी मौके पर उपस्थित थे.
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना कुरूद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही,शव पंचनामा एवं अन्य प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया पूर्ण की गई। इसके उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक द्वारा जारी शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का होना उल्लेखित किए जाने के आधार पर थाना कुरूद में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
कुरुद पुलिस एवं सायबर पुलिस की टीम ने पूरी रात लगातार सघन जांच, संदिग्धों से पूछताछ, मुखबिर सूचना,तकनीकी विश्लेषण एवं साक्ष्यों के आधार पर अथक मेहनत करते हुए मामले का सफल खुलासा किया। रातभर चली लगातार कार्यवाही एवं पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के बाद घटना में शामिल सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें 6 वयस्क आरोपी एवं 2 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का लट्ठा एवं बोल्डर पत्थर भी बरामद कर विधिवत जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना कुरूद में धारा 103(1), 296(बी), 191(2), 191(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना पूर्ण की जा रही है।गिरफ्तार वयस्क आरोपीगण को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।गिरफ्तार आरोपियो मे रोशन ध्रुव पिता स्वर्गीय भोज राम ध्रुव उम्र 21 वर्ष , मुकेश यादव पिता टॉप सिंह यादव उम्र 19 वर्ष,अमन नेताम पिता दववा राम नेताम उम्र 19 वर्ष, रवि शंकर पटेल पिता पोषण राम उम्र 22 वर्ष,चंद्रशेखर पटेल पिता निर्मल पटेल उम्र 22 वर्ष, सागर मरकाम पिता ध्रुव मरकाम उम्र 25 वर्ष सभी निवासी ग्राम डाही, थाना कुरूद, जिला धमतरी हैँ.
इसके अतिरिक्त घटना में 2 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं।
