कलेक्टर के निर्देश पर बस संचालकों की बैठक:तय दर से अधिक किराया वसूलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिला परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों की बैठक लेकर किया निर्देशित

धमतरी- कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी की अध्यक्षता में बस संचालकों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिला परिवहन कार्यालय में आयोजित इस बैठक में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने, निर्धारित किराए की वसूली और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी ने सभी बस संचालकों को निर्देशित किया कि वे यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया किसी भी परिस्थिति में न वसूलें। इसके साथ ही शासन द्वारा जारी निःशुल्क बस पासधारी हितग्राहियों को नियमानुसार और सम्मानपूर्वक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बस स्टाफ द्वारा इन पासधारी हितग्राहियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभावपूर्ण या अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बस संचालकों को अपने चालक और परिचालकों को यात्रियों के प्रति शिष्ट, मर्यादित और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए पाबंद करने को कहा गया है।
परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि मोटरयान अधिनियम, 1988 और परमिट की शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। भविष्य में किसी भी रूट पर या बस में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ सीधे वैधानिक व दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में क्षेत्र के प्रमुख बस संचालकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें समृद्धि ट्रैवल्स से संकेश भंसाली, राम ट्रैवल्स से सातम सिंह राजपूत, भवानी बस सर्विस से मेघेश्वर प्रसाद चंद्राकर, धमतरी रोडवेज से गोविंद लाल साहू, भवानी ट्रैवल्स से लोचन सिंह, लक्ष्मी ट्रैवल्स से धनेश कुमार और शिवम ट्रैवल्स से गोवर्धन सोनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी संचालकों ने प्रशासन को नियमों का पालन करने और यात्री सुविधाओं को दुरुस्त करने का भरोसा दिया।