Uncategorized

ग्राफ्टेड सब्जी उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, केरेमुड़ा में आयोजित हुआ वैज्ञानिक प्रशिक्षण

किसानों को कुल 1 लाख 1 हजार 800 ग्राफ्टेड टमाटर व बैगन के पौधों का हुआ वितरण

ग्राफ्टेड टमाटर एवं बैंगन की वैज्ञानिक खेती से बढ़ेगी उत्पादकता और किसानों की आय

धमतरी। नगरी विकासखंड के ग्राम केरेमुड़ा में ग्राफ्टेड टमाटर एवं बैंगन की वैज्ञानिक खेती पर एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत धमतरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन प्रदान संस्था द्वारा किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि नगरी विकासखंड में किसानों को कुल 1 लाख 1 हजार 800 ग्राफ्टेड पौधों का वितरण किया गया है, जिसमें 51 हजार 800 ग्राफ्टेड टमाटर तथा 50 हजार ग्राफ्टेड बैंगन के पौधे शामिल हैं। ग्राफ्टेड पौधे सामान्य पौधों की तुलना में अधिक सशक्त जड़ प्रणाली, रोग प्रतिरोधक क्षमता, बेहतर वृद्धि एवं अधिक उत्पादन देने में सक्षम होते हैं। इससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण उपज के साथ बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त होने की संभावना भी बढ़ती है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने ग्राफ्टेड पौधों की अवधारणा, जलवायु परिवर्तन के दौर में इसकी उपयोगिता, भूमि की वैज्ञानिक तैयारी, पौध उपचार, रोपण की उन्नत विधि, मल्चिंग एवं नमी संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैव उर्वरकों एवं जैविक कृषि आदानों का संतुलित उपयोग, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन वैज्ञानिक पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज तथा फसल कटाई उपरांत प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। किसानों द्वारा खेती के दौरान की जाने वाली सामान्य त्रुटियों एवं उनके प्रभावी समाधान पर भी व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण खेत पर आयोजित लाइव फील्ड डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसमें प्रतिभागियों को भूमि तैयारी से लेकर ग्राफ्टेड पौधों के उपचार, वैज्ञानिक रोपण, प्रारंभिक फसल प्रबंधन एवं जैविक कृषि तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया। इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विशेषज्ञों से तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!