धमतरी में निवेश को मिलेगा नया बल: कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न
एमएसएमई ने क्लस्टर डेवलपमेंट और एक्सपोर्ट टीम ने निर्यात के अवसरों की दी जानकारी, निवेशकों को हरसंभव सहयोग के निर्देश

धमतरी- जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, एमएसएमई रायपुर के प्रतिनिधि, एक्सपोर्ट प्रमोशन टीम, जिले के नवोदित निवेशक तथा राइस मिलर्स शामिल हुए।
बैठक में एमएसएमई अधिकारियों ने क्लस्टर डेवलपमेंट की अवधारणा, उसके लाभ तथा उद्योगों के सामूहिक विकास की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं एक्सपोर्ट प्रमोशन टीम ने जिले के स्थानीय उत्पादों के निर्यात की प्रक्रिया, आवश्यक औपचारिकताओं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध अवसरों से निवेशकों को अवगत कराया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले में निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रशासन निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शासन की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए संबंधित विभागों को उद्योगों की स्थापना, विस्तार और निवेशकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में निवेशकों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धमतरी को उद्योग एवं निवेश के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
