42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद डॉ. दयालु राम चौधरी को भावभीनी विदाई
शिक्षा, अनुशासन और समर्पण की विरासत को महाविद्यालय परिवार ने किया नमन

धमतरी। शासकीय नारायणराव मेघावाले कन्या महाविद्यालय, धमतरी में भूगोल विभाग के प्राध्यापक डॉ. दयालु राम चौधरी के 30 जून 2026 को अधिवार्षिकी पूर्ण होने पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अनिता राजपुरिया ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. दयालु राम चौधरी ने महाविद्यालय में 1 जनवरी 2012 से 17 अप्रैल 2014 तथा 19 जून 2018 से 5 नवंबर 2024 तक प्रभारी प्राचार्य के रूप में भी उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उनके नेतृत्व, समर्पण और प्रशासनिक दक्षता ने महाविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे महाविद्यालय परिवार सदैव स्मरण रखेगा। राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ. रोहिणी मरकाम ने कहा कि डॉ. चौधरी का सहज, सहयोगी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व सभी के लिए अनुकरणीय रहा। उन्होंने विद्यार्थियों और सहकर्मियों का निरंतर मार्गदर्शन किया तथा विभागाध्यक्ष के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया। डॉ. जे.एल. पाटले ने उन्हें समय के पाबंद, कर्मठ और समर्पित शिक्षक बताते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और सकारात्मक सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। इस अवसर पर गेली जांगड़े ने अभिनंदन पत्र का वाचन करते हुए डॉ. चौधरी के 42 वर्षों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान को रेखांकित किया। समारोह में उनके सुपुत्र ने कहा कि डॉ. चौधरी ने परिवार और अपने दायित्वों के बीच हमेशा संतुलन बनाए रखा तथा ईमानदारी, सादगी और कर्मनिष्ठा से जीवन जिया। उनकी सुपुत्री ने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सेवा के जिन मूल्यों को उन्होंने जीवनभर अपनाया, वही पूरे परिवार के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। अपने उद्बोधन में डॉ. दयालु राम चौधरी ने महाविद्यालय परिवार, सहकर्मियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 42 वर्षों का सेवाकाल उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। इस दौरान मिले स्नेह, सहयोग और सम्मान को वे जीवनभर संजोकर रखेंगे। समारोह में डॉ. चौधरी का शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन दानेश्वर साहू ने किया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी, अतिथि एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।