शासन स्तर पर पहल : नगर पालिका एवं फोरलेन की मांग को लेकर नपं नगरी अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा मिले उपमुख्यमंत्री से

नगरी। नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने नगरी के समग्र विकास को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात कर विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में मांग पत्र सौंपा। श्री छाबड़ा ने मंत्री को अवगत कराया कि नगरी सिहावा क्षेत्र का प्रमुख नगर होने के साथ-साथ लगातार बढ़ती आबादी और क्षेत्रीय महत्व को देखते हुए इसे नगर पालिका का दर्जा दिया जाना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं एवं योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने नगर के बजरंग चौक से हरदीभाटा चौक तक लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने की मांग भी रखी। यह परियोजना वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित बजट में शामिल है। इसके अलावा नवीन बस स्टैंड निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने की मांग भी की गई। बताया गया कि वर्तमान बस स्टैंड बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में होने से निर्माण में कठिनाई आ रही है। धमतरी कलेक्टर द्वारा वार्ड क्रमांक 12 स्थित गुढिय़ारी तालाब के सामने नवीन बस स्टैंड के लिए भूमि आवंटन कर चुके है। राशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सकेगा। मंत्री के समक्ष गुढिय़ारी तालाब के सौंदर्यीकरण, खेल मैदान में खिलाडिय़ों के लिए सुविधाओं के विस्तार तथा बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में निवासरत पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग भी रखी गई। मंत्री अरुण साव ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने और इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगरी के विकास को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
