यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने के लिए 8 प्रत्याशियों के बीच होगा मुकाबला, जिले की तीनों विस में अध्यक्ष पद हेतु कुल 97 उम्मीदवार
विथ आईवाईसी एप के जरिए होगा आनलाईन चुनाव, 18 से 35 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे मतदान
प्रदेश महासचिव हेतु जिले से है 5 उम्मीदवार मैदान में, चुनाव जीतने सोशल मीडिया व भौतिक रूप से हो रहा प्रचार-प्रसार

धमतरी। भारतीय युवा कांग्रेस (यूथ कांग्रेस) के संगठनात्मक चुनाव को लेकर धमतरी जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार चुनाव पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के तहत आईवाईसी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन कराया जा रहा है। चुनाव में युवाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है और विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में दावेदार मैदान में हैं।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए इस बार 8 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं जिले की विभिन्न विधानसभा इकाइयों में विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए कुल 97 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा प्रदेश महासचिव पद के लिए धमतरी जिले से 5 उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी पेश कर रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया में अलग-अलग गुटों के समर्थित प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोचक और कांटे का होने की संभावना जताई जा रही है। सभी उम्मीदवार युवा मतदाताओं तक पहुंचने के लिए जनसंपर्क अभियान, बैठकों और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इस चुनाव की खास बात यह है कि पूरी प्रक्रिया विथ आईवाईसी ऐप के जरिए ऑनलाइन संचालित की जा रही है। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा ऐप पर पंजीकरण कर मतदान कर सकेंगे। इससे चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने वाली मानी जा रही है। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संगठन चुनाव से नए नेतृत्व को अवसर मिलेगा और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी मिलने का रास्ता खुलेगा। चुनाव परिणाम के बाद जिले में युवा कांग्रेस की नई टीम संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी करेगी। फिलहाल धमतरी जिले में युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह गर्म है। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन आधार को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
बता दें कि धमतरी यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेतु धमतरी क्षेत्र से उदित नारायण साहू, प्रवीन साहू, सूरज पासवान, गीतराम सिन्हा, यश राजपूत, कुरुद क्षेत्र से डोमेश साहू, सिहावा क्षेत्र से आकाश नेताम, धमतरी ग्रामीण क्षेत्र से पारसमणी साहू मैदान में हैं। इसी प्रकार जिले के तीनों विस में अध्यक्ष पद हेतु कुल 97 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें धमतरी विस से सर्वाधिक 41, सिहावा विस से 31, कुरुद विस से 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। वहीं जिला महासचिव हेतु 34 उम्मीदवार हैं, प्रदेश महासचिव हेतु 5 उम्मीदवार हैं। जिनमें प्रेमांशु प्रजापति बेलर, प्रमोद कुजांम नगरी, रिषभ ठाकुर आमदी, देवव्रत साहू कुरुद, कमल नारायण साहू भखारा शामिल है। बता दे कि पिछले बार विस स्तर पर चुनाव हुए थे, लेकिन इस बार युवा कार्यकर्र्ताओ की मांग पर ब्लाक स्तर पर चुनाव हो रहे है।
बांटी गई हजारों की मिठाई
यूथ कांग्रेस चुनाव में युवाओं को अपने पक्ष में मतदान कराने कई तरीके अपनाए जा रहे हैं। प्रचार हेतु अपनी क्षमता बताने के साथ ही सेवा सत्कार भी किया जा रहा है। एक प्रत्याशी द्वारा हजारों की मिठाई भी बांटी गई है ऐसी चर्चा है। साथ ही कई तरह-तरीके से प्रचार-प्रसार में एड़ी-चोटी का जोर लगाया जा रहा है।
एक जनप्रतिनिधि के प्रचार से हार का डर, इसलिए ज्यादातर प्रत्याशियों नेे नेता जी से बनाई दूरी
यूथ कांग्रेस चुनाव में न सिर्फ युवा नेताओं जो चुनाव लड़ रहे हैं उनकी जमीनी हकीकत स्पष्ट हो रही है। बल्कि कई जनप्रतिनिधि और नेेताओं की अपने ही युवा कार्यकर्ताओं के बीच कितनी पकड़ है यह भी स्पष्ट हो रही है। चर्चा है कि एक जनप्रतिनिधि की पार्टी के भीतर स्थिति सही नहीं है कार्यकर्ता उनसे संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में इस जनप्रतिनिधि के प्रचार से कुछ प्रत्याशियों को युवा कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। इससे चुनाव में उनके प्रचार से लाभ से कहीं ज्यादा नुकसान की आशंका है, इसलिए कई प्रत्याशी प्रचार के मामले में उनसे दूरी बनाए हुए हैं।
कई गुट के प्रत्याशी हैं मैदान में
राजनीतिक पार्टी भले ही एक होती है लेकिन भीतर में कई गुट होते हैं। वर्तमान यूथ कांग्रेस चुनाव में गुट नजर आ रहा है। चुनाव लडऩे वाले कुछ प्रत्याशी अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं के गुट से होने की चर्चा है। वहीं इस चुनाव का परिणाम भी यह तय कर देगा कि जिले में किस नेता व गुट की युवा कार्यकर्ताओं के बीच ज्यादा पकड़ है।
