Uncategorized

विधानसभा मानसून सत्र में विधायक ओंकार साहू ने जनहित के अनेक अहम मुद्दे उठाए, लगाए कई प्रश्न


पुलिस कस्टडी में मौत, नगर निगम में खरीदी एवं निर्माण कार्यों की गड़बड़ी सहित कई मामलों पर सरकार से मांगा जवाब

धमतरी-धमतरी विधायक ओंकार साहू ने विधानसभा के मानसून सत्र में धमतरी जिले सहित पूरे प्रदेश से जुड़े जनहित के अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न लगाकर सरकार का ध्यान आम जनता की समस्याओं तथा विभिन्न विभागों में सामने आई अनियमितताओं की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने अर्जुनी थाना में पुलिस अभिरक्षा में हुई मृत्यु, नगर निगम में सामग्री खरीदी एवं निर्माण कार्यों में कथित गड़बड़ियों सहित कई गंभीर मामलों पर सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है।
विधायक श्री साहू द्वारा लगाए गए प्रमुख प्रश्नों में मार्कफेड द्वारा तिरपाल खरीदी में कथित अनियमितता, धमतरी एवं कांकेर जिले में अवैध खनन, ऑनलाइन भूमि डायवर्सन (भू-उपयोग परिवर्तन) प्रक्रिया में लंबित आवेदन एवं तकनीकी समस्याएं, गंगरेल बांध प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं लंबित भूमि आवंटन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं खरीदी संबंधी शिकायतें, पाठ्यपुस्तक निगम की पुस्तकों को कबाड़ में बेचे जाने के मामले की जांच, शराब दुकानों में ओवररेटिंग एवं आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था, खेल अधोसंरचना एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं, प्रधानमंत्री जन-मन योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों की स्थिति तथा पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के मामलों में जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई से जुड़े विषय शामिल हैं।
इसके अलावा उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा उपकरण एवं दवाओं की उपलब्धता, धमतरी जिले में कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार एवं प्लेसमेंट की स्थिति, चारकोल मैन्युफैक्चरिंग यूनिटों का निरीक्षण एवं कार्बन उत्सर्जन की जांच, रेत खनन में पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों की जांच, गंगरेल जलाशय से मत्स्य कार्य से प्राप्त रॉयल्टी, फोर्टिफाइड चावल की गुणवत्ता, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के क्रियान्वयन तथा समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत दिव्यांगजन, वृद्धजन, ट्रांसजेंडर कल्याण, नशामुक्ति केंद्रों एवं छात्रावासों की स्थिति जैसे विषयों पर भी सरकार से जानकारी मांगी है। साथ ही होटलों, रेस्टोरेंटों, ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच तथा माप-तौल संबंधी कार्रवाई पर भी प्रश्न लगाए हैं।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि विधानसभा जनता की आवाज़ उठाने का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को मजबूती से सदन में उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर सरकार से जवाब प्राप्त कर संबंधित मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराना उनका निरंतर प्रयास रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सदन में उठाए गए इन मुद्दों से आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होगी। साथ आज धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कांग्रेस विधायक दल की बैठक मे. भाग लिया.उन्होंने धमतरी विधानसभा के मुद्दों को को रखा. मीटिंग में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज , नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत , पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व सभी विधायक गण उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!