महापौर रामू रोहरा के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, बाढ़ प्रभावित 5 गांवों में पुल-पुलिया निर्माण के लिए 44 लाख की स्वीकृति
सेमरा (डी), कोड़ेगांव, ढीमरटुकुर, मोंगरागहन एवं सेहराडाबरी में होंगे निर्माण कार्य, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सुरक्षित आवागमन का लाभ

धमतरी- बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। महापौर जगदीश रामू रोहरा के सतत प्रयासों से सेमरा (डी), कोड़ेगांव, ढीमरटुकुर, मोंगरागहन एवं सेहराडाबरी में पुल-पुलिया निर्माण कार्यों के लिए 44 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से बरसात के दौरान संपर्क मार्ग बाधित होने की समस्या दूर होगी तथा हजारों ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
महापौर रामू रोहरा ने इन बाढ़ प्रभावित गांवों की समस्या को लगातार शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनके जनहितकारी प्रयासों और सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप शासन द्वारा यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत राशि से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का पुनर्निर्माण तथा आवश्यक स्थानों पर नई पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा।
इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार तथा दैनिक आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी। विशेष रूप से बरसात के मौसम में गांवों का संपर्क टूटने की समस्या समाप्त होगी, जिससे विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।महापौर रामू रोहरा ने इस जनहितकारी स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की है और इसी सोच के अनुरूप प्रदेशभर में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।महापौर श्री रोहरा ने कहा कि धमतरी विधानसभा सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। जनता की प्रत्येक आवश्यक मांग को शासन तक पहुंचाकर उसका शीघ्र समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिलेगी, जिससे धमतरी जिले के विकास को नई गति और नई दिशा प्राप्त होगी।
