बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए वार्डवार शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन
मौके पर समाधान, बिजली बिल सेवाएं, प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना 15 से 31 जुलाई शिविर
शहर के विभिन्न स्थानों पर होंगे शिविर, मौके पर होगा समस्याओं का निराकरण

धमतरी। बिजली उपभोक्ताओं को उनकी समस्याओं का त्वरित एवं सरल समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा आज से 31 जुलाई तक नगर के विभिन्न वार्डों में बिजली बिल संबंधित शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आज पहले दिन हटकेशर बाजार पारा में शिविर लगाया गया। जिसमें आसपास के वार्डवासियों ने शिविर पहुंचकर समस्या से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उनके वार्ड के निकट ही शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक शिविर में प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के संबंध में भी विशेष जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ता इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविरों में बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का सुधार, गलत रीडिंग, अधिक बिल की शिकायत, नाम संशोधन, बकाया राशि संबंधी जानकारी, किस्त सुविधा, नए एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी सहित अन्य विद्युत उपभोक्ता सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर परीक्षण कर यथासंभव निराकरण किया जा रहा है। आवश्यक होने पर संबंधित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत शिविरों में पात्र हितग्राहियों को सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापना, केंद्र सरकार द्वारा प्रदत्त सब्सिडी, ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा योजना से होने वाले आर्थिक लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही इच्छुक उपभोक्ताओं को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन भी किया गया।
17 जुलाई को पावर हाउस बठेना में लगेगा शिविर
कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को पावर हाउस बठेना, 20 जुलाई को नंदी चौक कोष्टापारा, 22 जुलाई को सत्संग भवन गोकुलपुर, 24 जुलाई को सामुदायिक भवन, 27 जुलाई को रंगमंच जोधापुर, 29 जुलाई को गुजराती भवन बनियापारा तथा 31 जुलाई को रंगमंच नयापारा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। बिजली बिल की प्रति, उपभोक्ता क्रमांक तथा आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।


