स्वामी आत्मानंद विद्यालय आमदी में निःशुल्क साइकिल वितरण, करियर काउंसलिंग एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद जयंती कार्यक्रम में हुए शामिल विधायक

धमतरी। विधायक ओंकार साहू ने गुरुवार को नगर पंचायत आमदी में आयोजित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं नागरिकों को शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
सबसे पहले विधायक श्री साहू ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, आमदी में आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिल वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। छात्राओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से पूरी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ओंकार साहू ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके बाद विधायक श्री साहू हायर सेकेंडरी स्कूल, नगर पंचायत आमदी में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, विभिन्न करियर विकल्पों तथा लक्ष्य निर्धारण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। विधायक श्री साहू ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में सही समय पर उचित मार्गदर्शन युवाओं के जीवन की दिशा बदल सकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसी क्रम में विधायक ओंकार साहू ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता कर महान क्रांतिकारी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का सर्वोच्च उदाहरण है। उनका त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी देश के युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवा, कर्तव्य और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
विधायक श्री साहू ने अपने संबोधन में चंद्रशेखर आज़ाद के प्रसिद्ध शब्द— “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आज़ाद ही रहे हैं, आज़ाद ही रहेंगे। का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि देशभक्ति, स्वाभिमान और आज़ादी की रक्षा का अमर संदेश है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ओंकार साहू ने जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार एवं सभी आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, युवा मार्गदर्शन और राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों पर आयोजित कार्यक्रम समाज को सशक्त बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

