नगरी के पीएम श्री उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को नशामुक्ति एवं यातायात नियमों का दिया गया संदेश

धमतरी पुलिस यातायात ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिलाई शपथ
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में धमतरी पुलिस यातायात टीम द्वारा कल पीएम श्री शासकीय श्रृंगी ऋषि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम हाई स्कूल, नगरी में नशामुक्ति एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी तथा नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूकता विकसित करना था, ताकि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, भविष्य एवं पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा अपने मित्रों एवं परिजनों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों एवं सिग्नलों का सम्मान करने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन से बचने, ओवरलोडिंग एवं स्टंटबाजी नहीं करने तथा शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।
विद्यार्थियों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग, आपातकालीन परिस्थितियों में संयमित व्यवहार तथा दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए यातायात एवं नशामुक्ति से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों से यातायात नियमों का सदैव पालन करने, नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एस.के. प्रजापति, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, शिक्षकगण, सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण साहू, सहायक उप निरीक्षक मोहन निषाद, आरक्षक राजीव साहू सहित यातायात पुलिस का स्टाफ एवं विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।