Uncategorized

लेडीज क्लब में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ शपथ ग्रहण समारोह

रचना नायडू बनी अध्यक्ष


धमतरी। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित लेडीज क्लब का शपथ ग्रहण समारोह साहेब स्वादी रेस्टोरेंट में अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया जिसमें रचना नायडू को अध्यक्ष, तनुजा सेन को सचिव तथा प्रतिमा दीवान को कोषाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में क्लब की वरिष्ठ सदस्याओं सहित सभी सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ सदस्य डॉ. भारती नायडू का सम्मानपूर्वक मंच पर स्वागत कर किया गया। इसके पश्चात उन्होंने मंच संचालन की बागडोर संभालते हुए क्लब की संरक्षिका श्रीमती कामिनी कौशिक, संचालिका उषा गुप्ता, तत्कालीन अध्यक्ष काजल सिन्हा, सचिव साधना साहू तथा कोषाध्यक्ष रचना नायडू का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। सभी पदाधिकारियों को क्लब की सदस्याओं द्वारा मंचासीन कराया गया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सभी सदस्याओं ने लेडीज क्लब की प्रार्थना की तथा विश्व शांति की कामना के लिए दो मिनट का मौन धारण किया। वातावरण पूर्णत: आध्यात्मिक एवं अनुशासित रहा। संचालिका उषा गुप्ता ने अपने उद्बोधन में क्लब की संरक्षिका श्रीमती कामिनी कौशिक के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता तथा उनके मार्गदर्शन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कामिनी कौशिक के स्नेह, प्रेरणा और अनुभव ने क्लब को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने निवर्तमान कार्यकारिणी के सराहनीय कार्यकाल की भी प्रशंसा करते हुए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। निवर्तमान अध्यक्ष काजल सिन्हा ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब की प्रत्येक सदस्य का सहयोग ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी सामूहिक भावना से क्लब निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। संरक्षिका श्रीमती कामिनी कौशिक ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्याओं को पद की गरिमा, जिम्मेदारी तथा संगठन की मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके सदस्यों की निष्ठा, अनुशासन, पारदर्शिता और आपसी विश्वास पर निर्भर करती है। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष काजल सिन्हा, सचिव साधना साहू एवं कोषाध्यक्ष रचना नायडू को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सफल कार्यकाल की सराहना की। क्लब की संचालिका एवं सभी की प्रिय गुरु मैया के नाम से प्रसिद्ध उषा गुप्ता ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने श्रद्धा कश्यप की प्रतिभा की सराहना करते हुए नई टीम में रचना नायडू को अध्यक्ष, तनुजा सेन को सचिव तथा प्रतिमा दीवान को कोषाध्यक्ष घोषित किया। इसके बाद मोमबत्ती प्रज्ज्वलित कर नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने सभी सदस्याओं से क्लब की गरिमा एवं गोपनीयता बनाए रखने तथा संगठन के हित में कार्य करने का संकल्प दिलाया। नई कार्यकारिणी का सभी सदस्याओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। नव-निर्वाचित अध्यक्ष रचना नायडू ने अपने प्रथम संबोधन में सभी सदस्याओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब की प्रगति सभी के सहयोग और सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पूरे वर्ष सभी सदस्याएं उनके साथ मिलकर क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी। निवर्तमान अध्यक्ष काजल सिन्हा ने भी नई अध्यक्ष रचना नायडू, सचिव तनुजा सेन तथा कोषाध्यक्ष प्रतिमा दीवान का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी। रचना नायडू ने सभी सदस्याओं को वेलकम गिफ्ट भेंट कर अपने स्नेह और सम्मान का परिचय दिया। यह आयोजन श्रद्धा कश्यप एवं शारदा साहू की किट्टी के अवसर पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया जिनमें सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उषा गुप्ता द्वारा धार्मिक हाउजी का आयोजन कराया गया, जिसमें प्रथम स्थान रेनू खनूजा, द्वितीय स्थान प्रतिमा दीवान तथा तृतीय स्थान डॉ. भारती नायडू ने प्राप्त किया। वहीं श्रद्धा कश्यप द्वारा मनोरंजन खेल आयोजित किए गए जिनमें प्रथम स्थान बबली राजोरिया, द्वितीय स्थान रेनू खनूजा तथा तृतीय स्थान पूनम सिंह ने प्राप्त किया। शारदा साहू द्वारा आयोजित दूसरे खेल में नीता आजमानी, उषा गुप्ता, गायत्री साहू एवं ज्योति गुप्ता विजेता रही। क्लब द्वारा आयोजित तृतीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रेनू खनूजा, द्वितीय स्थान प्रतिमा दीवान तथा तृतीय स्थान डॉ. भारती नायडू को प्राप्त हुआ। समारोह का प्रभावशाली एवं सुसंगठित मंच संचालन डॉ. भारती नायडू ने अपनी मधुर एवं प्रभावशाली वाणी से किया। उनकी सहज एवं आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को एक सूत्र में बांधे रखा और उपस्थित सभी सदस्याओं ने उनकी सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्याओं ने स्वादिष्ट मीठे एवं नमकीन व्यंजनों का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को नई कार्यकारिणी के गठन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में शुभ्रा गौर, मंजू महावर, मंजू सेन, पूनम सिंह, वीणा नायडू, लीला शर्मा, देविका साहू, सीमा हरदेल, हरजीत अजमानी, आरती कौशिक, संतोष लखोटिया, ज्योति गुप्ता, सरल खंडेलवाल, आशा गुप्ता, सबीना रिजवी, शिरीन हाशमी, चंदा शर्मा, गायत्री साहू, नीता रण सिंह, माधवी शर्मा, साबिर हाशमी, प्रेमा चौधरी, अनीता साहू, संगीता सिन्हा सहित क्लब की अनेक सदस्याओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की प्रेस संबंधी जानकारी क्लब की प्रेस सचिव माधवी शर्मा द्वारा उपलब्ध कराई गई। शपथ ग्रहण समारोह उत्साह, अनुशासन, आत्मीयता एवं महिला सशक्तिकरण की भावना से ओतप्रोत रहा तथा नई कार्यकारिणी के प्रति सभी सदस्याओं ने पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!