Uncategorized

जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे महापौर रामू रोहरा, त्वरित राहत व स्थायी समाधान के दिए निर्देश

धमतरी- लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम के महापौर जगदीश (रामू) रोहरा ने बुधवार को नयापारा, सोरिद नाला,अंबेडकर चौक,कांटातालाब, मुजगहन नाला सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने और स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि जिन स्थानों पर बारिश का पानी जमा हो रहा है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नालियों और बड़े नालों की नियमित सफाई, गाद व कचरा हटाने, जल प्रवाह में बाधा बनने वाले अवरोधों को दूर करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनरी लगाने के निर्देश दिए।
महापौर रोहरा ने कहा कि नगर निगम केवल अस्थायी राहत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर वर्ष जलभराव वाले क्षेत्रों का तकनीकी सर्वे कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करेगा। आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्य कर भविष्य में नागरिकों को इस समस्या से राहत दिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रही हैं और शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कंट्रोल रूम और फील्ड स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए।महापौर ने जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी, यातायात सुचारु रखने, आवश्यकता पड़ने पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे नालियों और नालों में कचरा न डालें तथा किसी भी प्रकार की जलभराव या नाली जाम की सूचना तत्काल नगर निगम को दें।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पीसी सार्वा, कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत, पार्षद ईश्वर सोनकर, गजेंद्र कंवर, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी कमलेश ठाकुर, उप अभियंता लोमश देवांगन, नमिता नागवंशी, ऐश्वर्य दीवान सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!