बनियापारा में पीलिया की सूचना पर निगम प्रशासन अलर्ट:आयुक्त अरुण कुमार वर्मा व सीएचएमओ ने मौके पर पहुंचकर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नागरिकों का स्वास्थ्य नगर निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है - रामू रोहरा

पुरानी पाइपलाइन तत्काल बदलने के निर्देश, स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार कर रही निगरानी, महापौर रामू रोहरा ने कहा, नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं
धमतरी- शहर के बनियापारा क्षेत्र में पीलिया के कुछ मामलों की सूचना मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर उपस्थित रही और क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि क्षेत्र के लगभग 12 घरों में पीलिया के मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि सभी प्रभावित लोग वर्तमान में अपने-अपने घरों पर रहकर उपचार एवं स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। पुराने पाइपलाइन के कारण पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुरानी पाइपलाइन को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन की जांच, पेयजल के सैंपल लेने, आवश्यकतानुसार क्लोरीनेशन तथा क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली जा रही है। नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, पानी को उबालकर अथवा क्लोरीनयुक्त पानी का सेवन करने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नागरिकों का स्वास्थ्य नगर निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बनियापारा में पीलिया के मामलों की जानकारी सामने आने के बाद निगम प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सभी कदम तत्काल उठाए जा रहे हैं। पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी या समस्या को दूर करने के लिए पुरानी पाइपलाइन को बदलने सहित अन्य आवश्यक कार्य प्राथमिकता के साथ किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखें और नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करें।आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित संक्रमण को रोकने के लिए एहतियाती कदम लगातार जारी रहें तथा पेयजल स्रोत और पाइपलाइन की जांच कर आवश्यक सुधार तत्काल किया जाए।नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर सावधानी बरतें। निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों से संपर्क बनाए रखते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

