Uncategorized

समय-सीमा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश-अधिकारी करें सप्ताह में दो दिन फील्ड विजिट

धमतरी-कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विकास कार्यों एवं योजनाओं के प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, कृषि, उद्योग, शहरी विकास एवं अवसंरचना सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में लक्ष्यानुरूप, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी जिला स्तरीय अधिकारी सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से फील्ड विजिट करें, विभागीय योजनाओं और कार्यों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन का मूल्यांकन विभागीय लक्ष्य और उपलब्धि के आधार पर किया जाएगा। साथ ही सभी विभागीय खरीदी जेम पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं में त्वरित सहायता के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले में कहीं भी दुर्घटना होने पर तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं एम्बुलेंस संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयुष्मान योजना अंतर्गत चिन्हित सभी अस्पतालों में योजना संबंधी जानकारी का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी एवं कुष्ठ नियंत्रण, सिकलसेल सपोर्ट, एनीमिया उन्मूलन, अधोसंरचना विकास एवं विशेष स्वास्थ्य शिविरों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया।

आदिवासी कल्याण योजनाओं को गति

आदिवासी कल्याण योजनाओं के तहत सक्षम योजना, छात्रावास उन्नयन, धरती आबा अभियान, पीएम-जनमन एवं आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों को तेज गति से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए।
सौर ऊर्जा योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने हेतु विकासखंड एवं निकाय स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। साथ ही प्राप्त आवेदनों, इंस्टॉलेशन, ऋण, सब्सिडी एवं वेंडर समन्वय में तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सौर सुजला योजना, सोलर विलेज, नेट मीटरिंग एवं सोलर हाई मास्ट जैसी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।

निकाय स्तर के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने निगम क्षेत्र में चैक-चैराहों एवं मकई गार्डन के सौंदर्यीकरण, सड़क एवं बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख कार्यों की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्वाचन संबंधी एसआईआर कार्य में डेटा मैपिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। बैठक में सभी अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!