विश्व आदिवासी दिवस को बनाया यादगार, पार्षद राजा पवार ने शहीद वीर नारायण सिंह परिसर का कराया भव्य सौंदर्यीकरण

नगरी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 1 स्थित शहीद वीर नारायण सिंह परिसर का भव्य सौंदर्यीकरण कराकर वार्ड पार्षद राजा पवार ने इस ऐतिहासिक स्थल को नई पहचान देने का प्रयास किया। नगरी-धमतरी मुख्य मार्ग पर स्थित इस परिसर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, ताकि यहां से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की नजर इस स्थल पर ठहरे और उन्हें महान आदिवासी योद्धा शहीद वीर नारायण सिंह के त्याग, संघर्ष और शौर्य की याद आए।
सौंदर्यीकरण कार्य वार्ड पार्षद राजा पवार द्वारा अपनी पार्षद निधि से कराया गया। परिसर में रंग-रोगन, चेकर टाइल्स, विद्युत लाइट सहित विभिन्न संधारण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर इसका विधिवत लोकार्पण विधायक सिहावा विधानसभा क्षेत्र अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक श्रवण मरकाम, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, जिला अध्यक्ष जीवराखन लाल मरई एवं तहसील अध्यक्ष उमेश देव युवा प्रभाग अध्यक्ष नरसिंह मरकाम के कर-कमलों से किया गया।
आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं शहीद वीर नारायण सिंह
शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के महान आदिवासी जननायक और स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाते हुए गरीबों, आदिवासियों और जरूरतमंदों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौर में उन्होंने अपने साहस और नेतृत्व से आदिवासी समाज में स्वाभिमान और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया। उनका बलिदान आज भी छत्तीसगढ़ की धरती पर साहस, संघर्ष और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है।
इसी गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शहीद वीर नारायण सिंह परिसर का सौंदर्यीकरण कराया गया है।
वार्ड सुंदर होगा तो नगर सुंदर बनेगा – राजा पवार
पार्षद राजा पवार ने कहा कि जनप्रतिनिधि बनने के बाद मेरी कोशिश है कि अपने वार्ड में ऐसे कार्य किए जाएं, जिनसे लोगों को सकारात्मक संदेश मिले। गांव और वार्ड के महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं स्मृति स्थलों की साफ-सफाई, संरक्षण और सौंदर्यीकरण से ही हमारा वार्ड सुंदर बनेगा और जब वार्ड सुंदर होगा तो हमारा पूरा नगर भी सुंदर बनेगा। शहीद वीर नारायण सिंह हमारे लिए गौरव और प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनके परिसर को सुंदर बनाना मेरे लिए केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। आने वाले समय में भी वार्ड में इससे बेहतर और जनहितकारी सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर समाजजनों एवं नागरिकों ने नगर पंचायत नगरी के कार्यकाल तथा वार्ड पार्षद राजा पवार द्वारा कराए जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।कार्यक्रम में अश्वनी निषाद, शंकर देव, देवचरण ध्रुव, यश करण पटेल चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, पूर्व पार्षद संतोष गंगेश, संतराम नेताम सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।

