जर्जर सड़क से परेशान छात्रों ने महापौर को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र मरम्मत की मांग

धमतरी। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 01 हटकेश्वर, शीतला पारा एवं सुभाष नगर क्षेत्र में स्कूल पहुंच मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय युवाओं ने नगर निगम महापौर रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत अथवा नवीन निर्माण की मांग की है।
युवा समाजसेवी कोमल संभाकर ने बताया कि पिछले वर्ष क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा गया था। पाइपलाइन का कार्य पूर्ण होने के बाद भी सड़क की अब तक समुचित मरम्मत नहीं की गई है। इसके चलते सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और असमतल सतह होने से स्कूली विद्यार्थियों, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वही पहुँचे छात्रों का कहना है कि जर्जर सड़क के कारण आए दिन दुर्घटना की स्थिति निर्मित होती है और कई बार अप्रिय घटनाएं होते-होते टली हैं। विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत आवश्यक है।
छात्रों ने महापौर से मांग की है कि जनहित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।ज्ञापन सौंपने वालो मे टुपेन्द्र गायकवाड, कौशल मारकंडे, मयंक, लोकेश्वर, वासु, हेमेश, चेतन, साहिल, हर्षु, जितेश, उमेश, ऋषिकेश, वेदप्रकाश, पुष्कर एवं टिकेंद्र सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।
