बाल मेले का सफलता पूर्वक हुआ आयोजन विभिन्न गतिविधियों की दी गई जानकारी

सेक्टर-3 के अंतर्गत जोधापुर में बाल मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति माताओं को जागरूक करना तथा उन्हें विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास से संबंधित कुल 10 गतिविधि काउंटर लगाए गए। इन सभी काउंटरों का 0 से 3 वर्ष के बच्चों की माताओं ने अपने बच्चों के साथ भ्रमण किया तथा प्रत्येक काउंटर पर आयोजित गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। गतिविधियों के माध्यम से माताओं को यह बताया गया कि वे घर पर भी बच्चों के साथ इस प्रकार की खेल-आधारित गतिविधियाँ कर उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित कर सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान माताओं को तिरंगा भोजन, पूर्ण टीकाकरण तथा “हाथों का कमाल” विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के संबंध में आवश्यक संदेश भी दिए गए तथा उन्हें नियमित रूप से ऐसी गतिविधियाँ घर पर करने के लिए प्रेरित किया गया।माताओं के मनोरंजन एवं सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन एवं उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र देवांगन उपस्थित रहे, इसके अतिरिक्त सभी वार्डों की मितानिन, कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम सफल एवं प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।