स्ट्रीट लाइट, जल प्रदाय सामग्री की खरीदी को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र (विशु) देवांगन के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर नगर के विभिन्न वार्डों में पिछले लगभग चार माह से स्ट्रीट लाइट, केबल वायर एवं जल प्रदाय संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन में बताया गया कि आवश्यक सामग्री के अभाव में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं हो पा रही है, क्षतिग्रस्त केबल वायर नहीं बदले जा रहे हैं तथा जल प्रदाय व्यवस्था से जुड़े मरम्मत एवं संधारण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इसके कारण आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जनप्रतिनिधियों के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही हैं।
नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि नगर निगम प्रशासन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्ट्रीट लाइट, केबल वायर एवं जल प्रदाय से संबंधित आवश्यक सामग्री का तत्काल क्रय कर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराए, ताकि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से मिल सकें।
पार्षद पूर्णिमा गजानंद रजक ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर आवश्यक सामग्री की खरीदी नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्षद दल नगर निगम परिसर के समक्ष जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येन्द्र (विशु) देवांगन, पार्षद श्रीमती पूर्णिमा गजानंद रजक, पार्षद श्रीमती रामेश्वरी कोसरे, गजानंद रजक एवं भागी ध्रुव सहित सदस्य उपस्थित रहे।
