महान संगीतकार मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर सजी सुरों की संध्या, गीतों से दी भावभीनी श्रद्धांजलि

धमतरी। महान पाश्र्वगायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि के अवसर पर इंडियन म्यूजिकल ग्रुप एवं रफी फैंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रिसाईपारा, धमतरी स्थित म्युनिसिपल स्कूल के पास एक भव्य संगीत संध्या एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के संगीत प्रेमियों, गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सुरों के सरताज मोहम्मद रफी को उनके अमर गीतों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदू जागरण मंच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ के प्रांत युवा प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मोहम्मद रफी केवल एक महान गायक ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, विनम्रता और संगीत साधना के प्रतीक थे। उनके गीत आज भी पीढिय़ों को जोडऩे का कार्य करते हैं और संगीत की दुनिया में उनका योगदान सदैव अमर रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सदर, अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सिद्दीकी साहब ने की। कार्यक्रम का सफल आयोजन रिजवान उर्फ राजू भाई, संतोष खरे के नेतृत्व में किया गया, जिसमें संजय जी का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में इंडियन म्यूजिकल ग्रुप एवं रफी फैंस क्लब के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।