Uncategorized

मुजगहन मे 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट मे आकर किसान घायल, पूर्व में दिए गए ज्ञापनों की अनदेखी पर ग्रामीणों में आक्रोश

जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल एवं सरपंच होमेश्वर साहू ने की दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और विद्युत लाइन के तत्काल स्थानांतरण की मांग

धमतरी। ग्राम पंचायत मुजगहन के वार्ड क्रमांक 01 (आबादी पारा) एवं बाईपास खेत में लंबे समय से झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन के कारण एक गंभीर दुर्घटना घटित हो गई। ग्राम मुजगहन निवासी किसान नीलकंठ साहू, पिता स्व. नोहर लाल साहू अपने कृषि कार्य से खेत गए थे। इसी दौरान झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना पर जनपद पंचायत सदस्य कीर्तन मीनपाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्घटना पूरी तरह से संबंधित विद्युत विभाग की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में ग्रामीणों द्वारा तथा उनके माध्यम से संबंधित विद्युत विभाग एवं जिला कलेक्टर धमतरी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर आबादी एवं कृषि भूमि के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन को तत्काल व्यवस्थित करने एवं स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद विभाग ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका परिणाम आज एक किसान को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ा।
ग्राम पंचायत मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू ने भी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत लगातार इस समस्या के समाधान की मांग करती रही है। आबादी क्षेत्र एवं खेतों के ऊपर से गुजर रही झूलती विद्युत लाइन हमेशा से ग्रामीणों और किसानों के लिए खतरा बनी हुई थी। कई बार विभाग को मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से आज यह गंभीर दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि यदि विभाग अब भी नहीं चेता तो भविष्य में इससे भी बड़ी जनहानि हो सकती है।
जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल एवं सरपंच होमेश्वर साहू ने संयुक्त रूप से मांग की है कि घायल किसान नीलकंठ साहू को उचित उपचार, आर्थिक सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही झूल रही 11 केवी विद्युत लाइन का तत्काल निरीक्षण कर उसे सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए अथवा आबादी क्षेत्र एवं कृषि भूमि से शीघ्र स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में झूलती विद्युत लाइनों का सर्वे कर आवश्यक सुधार कार्य कराने की भी मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विद्युत विभाग एवं प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!