पुलिस की मूर्तिकारों से अपील,धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर ही बनाएं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं
हर आस्था का हो सम्मान, किसी की भावना आहत न हो: गणेश एवं दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण में विशेष सावधानी बरतने पुलिस की अपील
प्रतिमा निर्माण में रखें धार्मिक मर्यादा का ध्यान: आपत्तिजनक स्वरूप अथवा विवाद की स्थिति से बचने मूर्तिकारों को दिए आवश्यक सुझाव
आगामी धार्मिक पर्वों को देखते हुए धमतरी पुलिस द्वारा जिले में शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से मूर्तिकारों से विशेष अपील की गई है।
धमतरी पुलिस ने गणेश जी एवं दुर्गा जी सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार करने वाले मूर्तिकारों से आग्रह किया है कि प्रतिमाओं के निर्माण में धार्मिक आस्था, परंपरा एवं मर्यादा का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रतिमा के स्वरूप को लेकर किसी व्यक्ति अथवा समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और किसी प्रकार की आपत्ति या विरोध की स्थिति निर्मित न हो।
पुलिस ने मूर्तिकारों से अपील की है कि देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण सम्मानजनक एवं प्रचलित धार्मिक स्वरूप के अनुरूप किया जाए। प्रतिमाओं में ऐसे किसी भी प्रकार के प्रयोग, स्वरूप अथवा प्रदर्शन से बचें, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने अथवा सामाजिक विवाद उत्पन्न होने की संभावना हो।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे धार्मिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रतिमा अथवा धार्मिक आयोजन को लेकर आपत्ति होने पर स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
