रोटरी क्लब धमतरी 8 अगस्त को ग्राम देमार में लगाएगा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर
रोटरी क्लब धमतरी के अध्यक्ष रोटे. सत्येंद्र शर्मा ने अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील

धमतरी। रोटरी क्लब धमतरी द्वारा सामाजिक सेवा के अपने सतत अभियान के तहत 8 अगस्त 2026 (शनिवार) को ग्राम देमार स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित एवं अनुभवी चिकित्सक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
रोटरी क्लब धमतरी के अध्यक्ष रोटे. सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि रोटरी का मूल मंत्र स्वयं से ऊपर सेवा है। इसी भावना के अनुरूप क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्पों का निरंतर संचालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना रोटरी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से यह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उनके गांव के निकट ही उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने ग्राम देमार एवं आसपास के सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। साथ ही अपने परिवारजनों और परिचितों को भी इस जनहितकारी पहल की जानकारी देकर शिविर को सफल बनाने में सहयोग करें।

