Uncategorized

देमार स्कूल में स्वास्थ्य शिविर के साथ विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने विद्यार्थियों से किया संवाद, लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन का दिया मंत्र

विद्यालय में चार अतिरिक्त कक्ष एवं बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा

देमार स्कूल में रोटरी क्लब धमतरी द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन

धमतरी- धमतरी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देमार में रोटरी क्लब धमतरी द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री नाहटा ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए अपने जीवन एवं प्रशासनिक सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सफलता की शुरुआत हो सकती है, लेकिन लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, समय का सदुपयोग, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता को स्थायी बनाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण अवसर है। पढ़ाई के साथ सामान्य ज्ञान बढ़ाने, समाचार-पत्र पढ़ने, समसामयिक घटनाओं से परिचित होने तथा अपने आसपास की परिस्थितियों को समझने की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन की अध्ययन योजना बनाने और बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर निरंतर तैयारी करने की सलाह दी।

विद्यार्थी भूमिका सेन के सवाल पर मिला आईएएस बनने का मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में सीईओ जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा से संवाद को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कक्षा नौवीं की छात्रा भूमिका सेन ने उनसे पूछा कि आईएएस बनने के लिए क्या योग्यता आवश्यक है और इसकी तैयारी किस प्रकार की जाती है। छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए श्री नाहटा ने सहज एवं प्रेरक तरीके से सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया तथा अपनी प्रशासनिक सेवा तक की यात्रा के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करनी होती है। इसके लिए स्नातक स्तर की शिक्षा के साथ सामान्य अध्ययन, समसामयिक घटनाओं, लेखन कौशल और नियमित अध्ययन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी बड़े लक्ष्य को देखकर घबराने के बजाय उसे छोटे-छोटे लक्ष्यों में बांटकर चरणबद्ध तैयारी करना अधिक प्रभावी होता है।

विद्यालय के लिए चार अतिरिक्त कक्ष और बालिका शौचालय की घोषणा

विद्यालय में अध्ययन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को देखते हुए श्री जयंत नाहटा ने विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने वीबी-जी रामजी योजना के तहत विद्यालय में चार अतिरिक्त कक्ष एवं बालिका शौचालय स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। घोषणा से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण बना।उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी, वहीं बालिका शौचालय की सुविधा से छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय में उनके लिए अधिक सुविधाजनक एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता पर जोर

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं एचआईवी जांच कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए।

रोटरी क्लब ने शिक्षकों को भेंट की छतरियां

रोटरी क्लब धमतरी द्वारा इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों को छतरी भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षक समुदाय के प्रति सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और भावी पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना विकसित करने में शिक्षकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में रोटेरियन सत्येन्द्र शर्मा ने रोटरी क्लब के उद्देश्यों एवं सामाजिक सरोकारों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।इस अवसर पर रोटेरियन मनीष मित्तल, श्रीमती जागृति दोशी, दिलीप भाई मेहता, अजीत खंडेलवाल, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, डॉ. प्रिया कंवर, ग्राम पंचायत देमार के सरपंच श्री विमलेश मीनपाल, शाला विकास समिति के अध्यक्ष लोकेश सोनवानी, पंच दिनेश कुंभकार, विद्यालय के प्राचार्य देवनारायण साहू सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!