केरेगांव पुलिस ने शासकीय हाईस्कूल भोथापारा में चलाया जागरूकता अभियान
विद्यार्थियों को साइबर अपराध, यातायात नियम, डायल-112 एवं नए कानूनों की दी महत्वपूर्ण जानकारी

पुलिस अधीक्षक धमतरी, श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में थाना केरेगांव पुलिस द्वारा शासकीय हाईस्कूल भोथापारा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव, कानून की जानकारी तथा स्वयं एवं समाज की सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनाना रहा।
साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं लिंक, ओटीपी , पासवर्ड तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की समझाइश दी गई।
नशामुक्ति एवं यातायात सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों का पालन, तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने सहित सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।
डायल-112 एवं नए कानूनों की जानकारी
विद्यार्थियों को डायल-112 की उपयोगिता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों एवं नागरिकों के अधिकारों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
महिला सुरक्षा एवं राहवीर योजना पर विशेष जोर
पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा अपराध की स्थिति में पुलिस से सहायता लेने के संबंध में जागरूक किया गया।
इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आने तथा राहवीर योजना के तहत आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मानवीय संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया।