Uncategorized

ग्राम छाती में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, महापौर के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है- रामू रोहरा

ग्रामवासियों, छात्र-छात्राओं सहित युवाओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा, भारत माता के जयकारों से गूंजा पूरा गांव

धमतरी- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम छाती में महापौर श्री रामू रोहरा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में ग्राम छाती के जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, युवाओं, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। हाथों में शान से लहराता तिरंगा और जुबां पर भारत माता के जयकारों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में कदम से कदम मिलाया। गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से गुजरती इस यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी सड़कों पर पहुंचे। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत करते हुए देशभक्ति की भावना के साथ सहभागिता की।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे हम सभी भारतीय एकजुट होकर राष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए संकल्प लेते हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए हमें देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए।उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करते हैं। विशेषकर युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों की इस तरह के आयोजनों में भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक संदेश है।
ग्राम छाती में निकली यह तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश लेकर चली, बल्कि पूरे गांव में उत्साह, उमंग और गौरव का वातावरण भी निर्मित किया।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा ग्राम देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब स्वतंत्रता दिवस के प्रति ग्रामीणों के उत्साह और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को प्रदर्शित कर रहा था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!